लातूर में घरेलू कलेश का खौफनाक अंत! शराब के नशे में पति-पत्नी के बीच हुआ झगड़ा, पति की मौत; पत्नी गिरफ्तार

Latur Crime News: महाराष्ट्र के लातूर में शराब के नशे में हुए घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पति की मौत के बाद पुलिस ने पत्नी को गैर-इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।
Latur Domestic Violence
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Published on
Updated on

Latur Domestic Violence News: महाराष्ट्र के लातूर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक घरेलू विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया। शराब की लत और आए दिन होने वाले झगड़ों के चलते एक 49 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

नशे में शुरू हुआ था विवाद

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सिकंदर सिदराम राठौड़ (49) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सिकंदर को शराब पीने की गंभीर लत थी, जिसके कारण घर में अक्सर तनाव का माहौल रहता था। मंगलवार शाम जब सिकंदर शराब के नशे में धुत होकर घर लौटा, तो उसका अपनी पत्नी कमलबाई से किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि सिकंदर ने अपनी पत्नी के साथ कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी। बचाव और झगड़े के दौरान स्थिति हिंसक हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हाथापाई के दौरान सिकंदर अचानक संतुलन खो बैठा और जमीन पर गिर पड़ा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। आरोप है कि इसी दौरान उसके सीने पर भी प्रहार किया गया, जिसके बाद वह अचेत होकर गिर पड़ा।

बेहोश पति को पहुंचाया अस्पताल

पति को बेहोश देख कमलबाई उसे तुरंत लातूर के सरकारी अस्पताल ले गई। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद सिकंदर को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना के बाद लातूर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की।

पत्नी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

शुरुआती जांच और परिस्थितियों को देखते हुए, पुलिस ने कमलबाई के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत 'गैर इरादतन हत्या' का मामला दर्ज किया है। लातूर पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है कि क्या यह मौत महज एक हादसा थी या जानबूझकर किया गया हमला।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com