Gadchiroli Farmers News: गड़चिरोली जिले में मक्का फसल का उत्पादन बढ़ने के बावजूद उचित बाजार भाव नहीं मिलने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। इस मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने कुरखेड़ा तहसील कार्यालय पहुंचकर मक्का खरीदी केंद्र तत्काल शुरू करने की मांग की।
तहसीलदार राहुल पाटिल के माध्यम से जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि कुरखेड़ा तहसील सहित पूरे जिले में मक्का उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। संग्रहण की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण बड़ी मात्रा में मक्का एक साथ बाजार में आ रहा है, जिससे कीमतों में गिरावट हो रही है और किसानों को कम दाम पर बिक्री करनी पड़ रही है।
ज्ञापन में सरकार से मांग की गई है कि किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए समर्थन मूल्य पर मक्का खरीदी केंद्र शुरू किए जाएं।
आप के जिलाध्यक्ष नसीर हाशमी ने कहा कि किसान जिले की रीढ़ हैं और मक्का फसल के लिए भारी मेहनत करते हैं, लेकिन उचित मूल्य न मिलने से उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर किसानों को राहत देने की मांग की।
इस दौरान जिला सचिव अमृत मेहेर, जिला संगठक ताहीर शेख, कोषाध्यक्ष इरफान पठान सहित किसान मनोहर झोडे, योगराज नाकाडे, सचिन झोडे, सोपान इस्कापे, मनोज परशुरामकर, माधव दहीकर और ज्ञानेश्वर गहाणे उपस्थित थे।