कोल्हापुर में गन्ने के खेत में नाबालिग लड़की का शव मिलने से मची सनसनी, यौन उत्पीड़न का संदेह

बदलापुर में दो बच्चियों से यौन उत्पीड़न के मामले से महाराष्ट्र समेत देश भर में रोष है। लोग आरोपी को मौत की सजा देने की मांग कर रहे हैं। इसी बीच कोल्हापुर जिले में गुरुवार को गन्ने खेत में एक 10 वर्षीय लड़की का शव मिला, जिससे सनसनी मच गई। पुलिस को संदेह है कि लड़की की हत्या से पहले उसका यौन उत्पीड़न किया गया था।
minor girl body found in a sugarcane farm in Kolhapur
प्रतीकात्मक तस्वीर
Published on
Updated on

मुंबई. बदलापुर में दो बच्चियों से यौन उत्पीड़न के मामले से महाराष्ट्र समेत देश भर में रोष है। लोग आरोपी को मौत की सजा देने की मांग कर रहे हैं। इन सबके बीच कोल्हापुर जिले में गुरुवार को गन्ने खेत में एक 10 वर्षीय लड़की का शव मिला, जिससे सनसनी मच गई। पुलिस को संदेह है कि लड़की की हत्या से पहले उसका यौन उत्पीड़न किया गया था।

पुलिस के मुताबिक लड़की बुधवार शाम को अपने घर से चली गई थी, क्योंकि उसके चाचा ने उसे मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल को लेकर डांटा था। लड़की का परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। जब लड़की रात तक घर नहीं लौटी तो उसके परिवार के सदस्यों ने उसकी काफी खोजबीन की और जब अंतत: वह नहीं मिली तो स्थानीय पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने बताया कि नाबालिग का शव सुबह स्थानीय लोगों ने करवीर तालुका के शिये गांव में उसके घर से मात्र 800 मीटर दूर गन्ने के एक खेत में देखा। पुलिस के अनुसार लड़की के माता-पिता शिरोली एमआईडीसी क्षेत्र में एक औद्योगिक इकाई में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि पुलिस को संदेह है कि लड़की की हत्या से पहले उसका यौन उत्पीड़न किया गया था। फडणवीस ने यहां संवाददाताओं से कहा, "लड़की का परिवार बिहार से है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम में उसके चाचा ने उसकी पिटाई की और वह घर छोड़कर चली गई। बुधवार रात करीब 10 बजे स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत मिली कि लड़की लापता है। आज सुबह उसका शव बरामद हुआ और पुलिस को लड़की के यौन उत्पीड़न का संदेह है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है।"

उन्होंने मामले की गहन जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने का वादा किया। फडणवीस ने कहा, "हम इस मामले की तह तक जाएंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हम पीड़ित परिवार को हर संभव मदद मुहैया कराएंगे।" (एजेंसी एडिटेट)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com