

Kolhapur Lady Doctor Physical Abuse News: महाराष्ट्र के कोल्हापुर से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक लेडी डॉक्टर के साथ उनके ही घर में घुसकर दुष्कर्म किया गया। आरोपी ने न केवल इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया, बल्कि पीड़िता को ब्लैकमेल करने के लिए पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया और उससे फिरौती मांगी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार कोल्हापुर में पति से मिलने के बहाने घर में घुस आए एक परिचित युवक ने डॉक्टर महिला के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने सिर्फ दुष्कर्म ही नहीं किया, बल्कि घटना का वीडियो भी बनाया और उसे स्नैपचैट पर भेज दिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर एक लाख रुपये की फिरौती मांगी। पीड़ित महिला ने राजारामपुरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी शक्ति विक्रम भोसले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी शक्ति भोसले को अदालत ने 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। कोल्हापुर पुलिस के अनुसार, 30 अप्रैल को दोपहर 3 बजे पीड़िता महिला घर पर अकेली थीं। इसी दौरान शक्ति भोसले उनके घर पहुंचा। इसके बाद घटना हुई। पीड़िता महिला ने चीखने-चिल्लाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उनका मुंह दबाकर रखा और मार डालने की धमकी दी। इस घटना से मानसिक रूप से टूट चुकी महिला दो दिन तक घर से बाहर नहीं निकलीं।
दुष्कर्म के बाद 1 मई की रात 11 बजे आरोपी शक्ति भोसले ने पीड़िता के मोबाइल पर वीडियो भेजा। उसने फोन करके वीडियो डिलीट करने के बदले एक लाख रुपये की मांग की। इसके बाद शनिवार को पीड़िता ने राजारामपुरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के प्रकाश में आते ही पूरे कोल्हापुर में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।