

Highlights:
गोकुल के नवनिर्वाचित संचालक मंडल की पहली बैठक में ही महायुति और विपक्षी कांग्रेस आघाड़ी के बीच तीखी बहस हुई।
विपक्षी संचालक बाबासाहेब चौगुले ने अपने सभी 13 संचालकों को एक तरफ बैठाने की मांग की, जिसका महायुति के अंबरीश घाटगे ने विरोध किया।
विवाद बढ़ने पर अध्यक्ष राजेश पाटिल ने हस्तक्षेप किया और बैठने की व्यवस्था बदलकर दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाया।
Gokul Milk Union Kolhapur: कोल्हापुर जिला सहकारी दूध उत्पादक संघ ('गोकुल') के नवनिर्वाचित संचालक मंडल की शनिवार को हुई पहली ही बैठक में सत्ताधारी महायुति और विपक्षी समविचारी (कांग्रेस) आघाडी के संचालकों के बीच बैठने की व्यवस्था को लेकर तीखी बहस देखने को मिली। पहली ही बैठक में दिखे इस संघर्ष से आने वाले समय में 'गोकुल' की बैठकों में काफी गरमाहट के संकेत मिले हैं।
विपक्षी संचालक बाबासाहेब चौगुले ने आघाडी के सभी 13 संचालकों के लिए एक ही तरफ आमने-सामने बैठने की व्यवस्था की मांग रखी। महायुति के संचालक अंबरीश घाटगे ने इस पर आपत्ति जताई और कहा कि पिछले पांच वर्षों से वे इसी व्यवस्था के तहत बैठते आ रहे हैं। विवाद बढ़ने पर अध्यक्ष राजेश पाटिल ने मध्यस्थता की और आसन व्यवस्था बदलकर दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
हंगामे के बाद बैठक की कार्यवाही शुरू हुई, जिसमें किसानों से जुड़े मुद्दे भी सामने आए। जिले में सूखे की स्थिति और चारे के संकट को देखते हुए विपक्षी संबालकों ने शशिकांत पाटिल-चुयेकर के नेतृत्व में अध्यक्ष राजेश पाटिल को एक ज्ञापन सौंपा।
इसमें दूध उत्पादक किसानों के लिए दूध खरीद दर बढ़ाने की पुरजोर मांग की गई। इस पर अध्यक्ष राजेश पाटिल ने स्पष्ट किया कि फिलहाल दूध खरीद दर बढ़ाने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है। दूध विक्रेताओं से चर्चा करने के बाद ही इस संबंध में आगे का फैसला लिया जाएगा।
बता दें कि गोकुल दुग्ध संघ के लिए 18 अक्टूबर को मतदान हुआ था और 19 अक्टूबर को परिणाम घोषित किए गए थे। कुल 25 सीटों में से सतेज पाटिल की राजर्षि शाहू शेतकरी समविचारी आघाड़ी ने 13 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि महायुति समर्थित छत्रपति शाहू शेतकरी विकास आघाड़ी को 12 सीटें मिली थीं। लेकिन सतेज पाटिल के गुट को एक सीट की बढ़त हासिल थी।
अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए आवश्यक कोरम को लेकर दोनों गुटों के बीच पेंच फंस गया था। आखिरकार कोल्हापुर में अजीत पवार का दाहिना हाथ कहे जाने वाले राजेश पाटिल को गोकुल दुग्ध संघ की कमान सौंपी गई है। महायुति ने बहुमत हासिल करते हुए सतेज पाटिल के नेतृत्व वाले गुट को मात दे दी। जिसके बाद हुई इस पहली बैठक पर सबकी नज़र थी।