

Jalgaon Gangrape Over Tractor Fare: महाराष्ट्र के जलगांव जिले के जामनेर तहसील से एक बेहद दिल दहला देने वाली और इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां के फत्तेपुर अंतर्गत गोदरी गांव में खेती की जुताई का बकाया किराया न चुका पाने के कारण एक ट्रैक्टर मालिक और उसके तीन साथियों ने मिलकर एक 30 वर्षीय विवाहित महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
इस घिनौने अपराध को लेकर स्थानीय फत्तेपुर पुलिस स्टेशन में विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ट्रैक्टर मालिक सहित उसके तीनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गोदरी टांडा की रहने वाली गैंगरेप की पीड़िता के पति ने अपने खेत की जुताई के लिए एक स्थानीय व्यक्ति से ट्रैक्टर किराए पर लिया था। आर्थिक तंगी के चलते पीड़ित किसान समय पर ट्रैक्टर का बकाया किराया नहीं चुका पाया था। इसी बकाया राशि को वसूलने के बहाने ट्रैक्टर का मुख्य मालिक अपने तीन अन्य साथियों के साथ अचानक महिला के खेत में घुस आया।
आरोपियों ने वहां अकेले पाकर महिला को पहले डराया-धमकाया और फिर बंदूक की नोक पर उसे कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद चारों आरोपियों ने बारी-बारी से महिला के साथ दरिंदगी की।
पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि दरिंदों ने इस घिनौने कृत्य को अंजाम देते समय अपने मोबाइल से वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया था। वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़ित परिवार को पुलिस में जाने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की गंभीर धमकी दी थी। इस खौफ के कारण महिला ने शुरुआत में लोकलाज और डर के मारे शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
हालांकि, बाद में हिम्मत जुटाकर जब पीड़िता और उसके पति ने फत्तेपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, तो पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अन्य संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपियों को दबोच लिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर (SDPO) बापू रोहोम के सीधे मार्गदर्शन में आगे की गहन कानूनी जांच की जा रही है।