

Santosh Bangar Old Ministers Remark News: सत्तारूढ़ महायुति का हिस्सा शिवसेना अब अंदरूनी खींचतान की वजह से चर्चा में आ गई है। हिंगोली में सांसद श्रीकांत शिंदे की मौजूदगी में आयोजित सभा में शिंदे गुट के विधायक संतोष बांगर ने पार्टी नेतृत्व को सीधे संदेश देते हुए कहा कि बूढ़े मंत्रियों को घर भेजो और हमारे जैसे शेरों को मौका दो।
सत्ता में रहते हुए भी नई पीढ़ी के नेताओं को पद नहीं मिलने की नाराजगी बांगर के बयान से खुलकर सामने आई। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पुत्र और सांसद श्रीकांत शिंदे की हिंगोली में आयोजित सभा में बोलते हुए संतोष बांगर ने कहा कि वर्तमान में कई मंत्री 'घोड़े पर बैठकर बकरियां हांकने' का काम कर रहे हैं।
फोन करने पर जवाब तक नहीं देते। ऐसे मंत्री पार्टी को कमजोर कर रहे हैं। कुछ लोग सिर्फ जनता के बीच घूमते हैं, लेकिन कोई काम नहीं करते। उन्होंने मंत्री प्रकाश आबिटकर की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें कभी भी फोन करो, तो वे तुरंत जवाब देते हैं और समस्या समझते हैं। लेकिन कई मंत्री अब बूढ़े हो चुके हैं, उन्हें सुनाई तक नहीं देता।
बांगर ने आगे कहा कि ऐसे मंत्रियों को पद से हटाकर नई पीढ़ी के नेताओं को आगे लाया जाना चाहिए। इन बकरियों के पीछे शेर छिपे हैं, उन्हें आगे करो। ऐसा हुआ तभी 2029 में एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री बन पाएंगे। हालांकि बांगर ने किसी मंत्री का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान के बाद शिवसेना के भीतर 'बूढ़े मंत्री' कौन हैं, इसको लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
श्रीकांत शिंदे ने नीट पेपर लीक मामले पर कहा कि परीक्षा में जो कुछ हुआ वह बेहद गलत है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में परीक्षाएं पूरी तरह पारदर्शी तरीके से आयोजित हों, इसके लिए सरकार स्तर पर उपाय किए जा रहे हैं। आगे चलकर परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में कराने और हर परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्र ऑनलाइन उपलब्ध कराने पर भी विचार किया जा रहा है।