

Cockroach Janata Party Instagram Account Ban: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दिपके महाराष्ट्र के हिंगोली में अपने घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सरकारी स्कूलों की स्थिति को देखा। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था की जर्जर स्थिति पर गहरी चिंता जताई और प्रशासन की पोल खोली। इसी समय कॉकरोच जनता पार्टी का इंस्टाग्राम अकाउंट कुछ समय के लिए बंद हो गया, जिसे लेकर उन्होंने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला।
अभिजीत दिपके ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज, भारत की आजादी के 80 साल पूरे होने के मौके पर मैं अपने गांव आया और यहां के स्कूल का दौरा किया। स्कूल की हालत बहुत खराब है। बच्चों के लिए पीने का पानी नहीं है और वॉशरूम की हालत भी बहुत बुरी है। बच्चों ने हमें बताया कि वॉशरूम में भी पानी नहीं आता है। स्कूल की खिड़कियां टूटी हुई हैं और उन्हें अभी तक ठीक नहीं किया गया है। टूटी हुई खिड़कियों को बैनर से ढका गया है।
अभिजीत दिपके ने बताया कि आज सुबह अचानक उनके इंस्टाग्राम अकाउंट का एक्सेस चला गया था। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर स्कूल सुधार अभियान को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। यहां तक कि छोटे बच्चे भी खराब स्कूलों की स्थिति के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। कहीं स्कूल तक सड़क नहीं है, तो कहीं शिक्षकों की कमी जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
दिपके ने आरोप लगाया कि स्कूलों की खराब हालत के ये वीडियो बड़ी संख्या में वायरल हो रहे हैं। इसी वजह से कुछ लोग घबराए हुए हैं और सीजेपी का अकाउंट बंद करने या हैक करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, कुछ समय बाद सीजेपी का इंस्टाग्राम अकाउंट रिकवर कर लिया गया। इसकी जानकारी खुद अभिजीत दिपके ने दी है।
वहीं, सीजेपी ने एक्स पर पोस्ट किया कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर भाषण देते हुए कहा कि हम एक करोड़ लोगों को एआई से जोड़ेंगे। ऐसे ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना काल के दौरान कहा कि हम अभ्युदय योजना चला कर युवाओं को कॉम्पिटेटिव एक्जाम की तैयारी करायेंगे। अभ्युदय योजना का परिणाम शून्य रहा और करोड़ों रुपए भी खर्च हुए। अगर नहीं तो सरकार सलेक्शन डाटा दे। पूछना ये था कि क्या उत्तर प्रदेश योजना की तरह यह भी फ्लॉप साबित होगी?