ड्रोन कैमरे और 4 पिंजरे...तिरोड़ा में हाई अलर्ट! तेंदुए को पकड़ने वन विभाग ने चलाया महा-ऑपरेशन

Tirora Leopard Attack: तिरोड़ा में 3 साल के मासूम का शिकार करने वाला तेंदुआ 24 घंटे बाद भी आजाद। पकड़ने के लिए 4 पिंजरे और ड्रोन तैनात। ग्रामीणों में भारी आक्रोश। यहां पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
24 hours after a 3-year-old was killed by a leopard in Tirora, the predator remains at large.
तिरोड़ा में मासूम को उठा ले गया तेंदुआ (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Gondia News: तिरोड़ा तहसील के खड़की-डोंगरगांव में शुक्रवार को सुबह तेंदुए के हमले में 3 साल के बच्चे की मौत हो गई। इस घटना से गांव में रोष व्याप्त हो गया और दहशत का माहौल बना हुआ है। इस घटना को 24 घंटे हो चुके हैं, लेकिन वन विभाग की टीम तेंदुए को कैद नहीं किया है और वह आज भी आजाद घूम रहा है। वन विभाग ने बताया कि तेंदुए को कैद करने के लिए खड़की के जंगल परिसर में चार पिंजरे लगाए गए हैं।

जिले में जंगल से सटे ग्रामीण इलाकों में मानव-वन्यजीव संघर्ष लगातार बढ़ रहा है। खेत खलियानों की बात तो दूर अब तो हिंसक वन्यजीव घरों में घूसकर शिकार करने लगे हैं। तिरोड़ा के खड़की (डोंगरगांव) में शुक्रवार को सुबह 7.30 बजे के दौरान घटना घटित हुई। शुक्रवार को अपने घर के पीछे आंगन में चूल्हे के पास हाथ सेक रहे माता-पिता के साथ बैठे 3 वर्षीय हियांस शिवशंकर रहांगडाले पर वहीं घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक हमला किया और उसे उठाकर ले गया।

यह देखकर माता-पिता ने चीख-पुकार मचाते हुए तेंदुए का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर बाद हियांस का शव ही बरामद हुआ। घटना से पीड़ित परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं संपूर्ण गांव में दहशत व आक्रोश का माहौल है। घटना के बाद थानेदार अमित वानखेड़े अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उसके दो घंटे बाद वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी घटना स्थल पर पहुंचे।

ग्रामीणों में डर का माहौल

ग्रामीणों का आक्रोश देख एसीएफ विजय धांडे, डीएफओ प्रितमसिंह कोडापे व वन कर्मचारियों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए चार पिंजरे लगाए। तीन पिंजरे खड़की पहाड़ी पर व एक पिंजरा लोंडीटोला परिसर में लगाया गया। लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बावजूद भी तेंदुआ वन विभाग के हाथ में नहीं आया और वह आजाद घूम रहा है।

24 hours after a 3-year-old was killed by a leopard in Tirora, the predator remains at large.
वन विभाग ने बिछाया जाल (सौजन्य-नवभारत)

कुछ किसानों को तेंदुआ खेत की ओर जाते हुए दिखाई दिया। लेकिन वह पिंजरे की ओर नहीं गया। अब तेंदुए का लोकेशन बुचाटोला, रुस्तमपुर व खड़की परिसर में दिखाई दिया। तेंदुआ तीन-चार किमी. के अंदर ही घूम रहा है। जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल है।

ड्रोन से रखी जा रही नजर

तिरोड़ा तहसील के खड़की (डोंगरगांव) में घटित घटना के बाद ग्रामीण में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का आक्रोश देख वन विभाग ने जंगल परिसर में तेंदुए को कैद करने के लिए चार पिंजरे लगाए है। साथ ही ड्रोन कैमरे से उस तेंदुए पर नजर रखी जा रही है।

तेंदुए को पकड़ने बुलाई 3 टीमें

खड़की (डोंगरगांव) में शुक्रवार को अपने घर के पीछे आंगन में चूल्हे के पास हाथ सेक रहे चार वर्षीय हियांस पर तेंदुए ने अचानक हमला किया और उसे उठाकर ले गया। जिसमें उसकी मौत हो गई। इसके बाद उस तेंदुए को पकड़ने के लिए तीन टीमें बुलाई गई। जिसमें नवेगांव-नागझिरा (आर.आर.टी), भंडारा आर.आर.टी. व एस.टी.पी.एफ. फोर्स नवेगांवबांध की टीम शामिल है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com