

Gondia Bike Accident Buddha Vihar Flyover: गोंदिया जिले के तिरोड़ा स्थित बुद्ध विहार फ्लाईओवर पर शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकों पर कुल छह लोग सवार थे। टक्कर में गोंदिया निवासी 30 वर्षीय रूपेश धनराज पारधी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं रितेश मस्कालकर (32) और सुजाता रामटेके (42) गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा रूपेश राउत (28), अमोल वानखड़े (28) और मोनल मेश्राम भी घायल हुए, जिनमें से दो को मामूली चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही तिरोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तिरोड़ा उप जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद रितेश मस्कालकर और सुजाता रामटेके की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोंदिया रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय स्तर पर किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की वजह दोनों बाइकों की तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और तेज गति से वाहन न चलाने की अपील की है।