RPF का सामुदायिक पुलिसिंग अभियान: ट्रेनों पर पत्थरबाजी रोकने के लिए बच्चों को खेलों के जरिए किया जागरूक
RPF नागपुर मंडल ने ट्रेनों पर पत्थरबाजी और ट्रैक पर अवरोध रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाया। खेल-कूद और काउंसलिंग के माध्यम से बच्चों व अभिभावकों को रेल सुरक्षा का महत्व समझाया गया।
RPF Nagpur Railway Safety: गोंदिया रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा नागपुर मंडल में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य ट्रेनों पर पत्थरबाजी, रेल पटरियों पर अवरोध डालने जैसी खतरनाक घटनाओं को रोकना है।
रेल सुरक्षा रिपोर्टों के विश्लेषण में सामने आया है कि अधिकतर घटनाएं रेल लाइन के पास रहने वाले बच्चों द्वारा खेल-खेल या जिज्ञासा में की जाती हैं। हालांकि, ऐसे कृत्य गंभीर अपराध होने के साथ-साथ रेल दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं, जिससे यात्रियों की जान-माल को खतरा और रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंच सकता है।
यह अभियान नागपुर मंडल के सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। इसके तहत शिक्षण संस्थानों, गांवों और कस्बों में जाकर बच्चों, शिक्षकों, अभिभावकों और ग्राम प्रमुखों को रेल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
सम्बंधित ख़बरें
जुना धामणगांव ग्राम पंचायत में बड़ा फर्जीवाड़ा: लोकवर्गणी से पहले ही जारी किया वर्क ऑर्डर, भ्रष्टाचार के आरोप
गोंदिया में मरीजों को घर पर मिलेगी ‘पॅलिएटिव केअर’ सुविधा; गंभीर बीमारियों के लिए होम केयर किट और बेड आरक्षित
अर्जुनी नगर पंचायत; विकास कार्यों में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा नाली निर्माण, तीन माह में ही उखड़ने लगा सीमेंट
सालेकसा: कारूटोला के खेत में मिला 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव, हत्या या करंट से मौत? पुलिस जांच में जुटी
खेलकूद के जरिए सकारात्मक संदेश
अभियान के दौरान बच्चों के लिए क्रिकेट, शतरंज, दौड़, चम्मच दौड़ और ट्रे पासिंग जैसे खेलों का आयोजन किया जा रहा है। विजेताओं को पुरस्कार और सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार व खाद्य सामग्री दी जा रही है। साथ ही काउंसलिंग के माध्यम से उन्हें रेल सुरक्षा का महत्व समझाया जा रहा है।
बच्चों और अभिभावकों को स्पष्ट रूप से बताया जा रहा है कि रेल लाइन के पास जाना, पत्थर फेंकना या ट्रैक पर कोई वस्तु रखना न केवल खतरनाक है, बल्कि दंडनीय अपराध भी है।
रेलवे हेल्पलाइन पर दें सूचना
16 अप्रैल से यह अभियान महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में चलाया गया है। गोंदिया तहसील के गुदमा गांव की एक निजी पूर्व-प्राथमिक शाला में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया।
RPF ने अपील की है कि यदि कहीं ट्रेनों पर पत्थरबाजी, ट्रैक पर अवरोध या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या नजदीकी RPF पोस्ट को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
