

Gondia Hospital Woman Death News: गोंदिया जिला के रजेगांव स्थित ग्रामीण अस्पताल में समय पर उपचार नहीं मिलने से सड़क हादसे में घायल महिला की मौत होने का गंभीर आरोप ग्रामीणों ने लगाया है।
ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा अधिकारी के समय पर अस्पताल में मौजूद नहीं रहने की बात सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। घटना से ग्रामीणों में रोष है।
जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को मुरपार निवासी महिला मंजू जन्मजय डोंगरे (60) सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई थी। ग्रामीण उसे तत्काल उपचार के लिए रजेगांव ग्रामीण अस्पताल लेकर पहुंचे। आरोप है कि उस समय अस्पताल में कोई चिकित्सा अधिकारी मौजूद नहीं था।
रजेगांव स्थित ग्रामीण अस्पताल कर्मचारियों से पूछताछ करने पर डॉ.चेतना रहांगडाले की ड्यूटी होने की जानकारी मिली। ग्रामीणों के अनुसार, डॉक्टर को फोन पर घटना की जानकारी देने के बावजूद वह करीब एक घंटे बाद अस्पताल पहुंचीं। इसी दौरान घायल महिला की मौत हो गई।
हालांकि, महिला की मौत का वास्तविक कारण और उपचार में देरी की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। घटना की जानकारी मिलते ही मरीज कल्याण समिति के सदस्य जाकिर खान ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय माहुले से फोन पर संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी।
गोंदिया जिला के रजेगांव स्थित ग्रामीण अस्पताल कर्मचारियों से पूछताछ करने पर उस समय डॉ.चेतना रहांगडाले की ड्यूटी थी, लेकिन उनकी अनुपस्थिति सामने आई है। उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। स्पष्टीकरण मिलने के बाद मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
गंभीर हालत में मरीज को अस्पताल लाने के बाद यदि समय पर डाक्टर ही उपलब्ध न हो तो यह बेहद गंभीर मामला है। इस घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी मरीज की जान जोखिम में न पड़े।
- जाकिर खान, सदस्य, मरीज कल्याण समिति