

Rural Players Training In Gondia: गोंदिया जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला व तहसील स्तर पर क्रीड़ा संकुलों का निर्माण किया गया है। आज ये क्रीड़ा संकुल सैकड़ों खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय ने नागरिकों, विद्यार्थियों, स्कूलों, महाविद्यालयों और क्रीड़ा मंडलों से इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभउठाने की अपील की है।
मरारटोली, गोंदिया में 6 हेक्टेयर क्षेत्र में निर्मित जिला क्रीड़ा परिसर अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। यहां इंडोर हॉल, स्वीमिंग पूल, पवेलियन भवन, बालक छात्रावास, 400 मीटर रनिंग ट्रैक, क्रिकेट, फुटबॉल, लॉन टेनिस, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी सहित विभिन्न खेलों के मैदान, सुरक्षा दीवार, आंतरिक सड़कें, जल निकासी व्यवस्था, सौर ऊर्जा प्रणाली और विद्युतीकरण की सुविधा उपलब्ध है। प्रतिदिन करीब 500 से 600 खिलाड़ी इस परिसर का लाभउठा रहे हैं। तहसीलों में भी हुए कार्यान्वित तिरोड़ा, सालेकसा, गोंदिया (कामठा), देवरी, गोरेगांव, आमगांव, सड़क अर्जुनी और अर्जुनी मोरगांव तहसीलों के क्रीड़ा संकुल भी कार्यान्वित हो चुके हैं।
विशेष रूप से तिरोड़ा में आर्चरी और कराटे, जबकि सालेकसा में कबड्डी व खो-खो का नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अर्जुनी मोरगांव स्थित तहसील क्रीडा संकुल में मल्टीपर्पज गेम हॉल, 200 मीटर रनिंग ट्रैक, सुरक्षा दीवार तथा कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण पूरा हो चुका है। हालांकि संबंधित भूमि को लेकर उच्च न्यायालय में मामला लंबित होने के कारण आगे के विकास कार्य फिलहाल स्थगित हैं।
अथर्व बहुउद्देशीय संस्था अध्यक्ष गोंदिया के अंकुश गजभिये ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित प्रशिक्षण, खेल सामग्री, मैदान और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। जिले में आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से खिलाड़ियों में उत्साह बढ़ा है।
ओमकार नागफासे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार बहुत महत्वपूर्ण है। बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलें तो वे राज्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन कर सकते हैं।
गोंदिया जिला क्रीड़ा अधिकारी लक्ष्मीशंकर यादव ने कहा कि जिले के खिलाडी राष्ट्रीय व राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर गोंदिया जिले का नाम रोशन कर रहे है। राष्ट्रीय क्रीडा दिवस के अवसर पर सभी युवक क्रीड़ा संकुलों का दौरा कर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं तथा खेल ही जीवनशैली है का संदेश समाज में फैलाने के लिए आगे आए।