

Pakistan Gangster Social Media Link In Gondia: पाकिस्तान के कथित गैंगस्टर शहजाद भट्टी से सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में रहने वाले संदिग्ध लोगों की तलाश में महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) राज्य भर में व्यापक जांच अभियान चला रहा है। इसी अभियान के तहत गोंदिया जिले में भी जांच की गई। गोंदिया तहसील के ग्राम पांढराबोड़ी निवासी 51 वर्षीय एक महिला से एटीएस ने शुक्रवार को पूछताछ की।
हालांकि, प्रारंभिक जांच में महिला के खिलाफ कोई भी संदिग्ध या आपत्तिजनक तथ्य सामने नहीं आया। जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र ATS ने शहजाद भट्टी से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में होने की आशंका वाले लोगों की पहचान के लिए राज्य भर में अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में विभिन्न जिलों में संदिग्धों का सत्यापन किया जा रहा है। इसी कार्रवाई के तहत पांढराबोड़ी गांव की उक्त महिला से भी पूछताछ की गई।
जांच के दौरान पता चला कि संबंधित महिला पढ़ी-लिखी नहीं है और उसे ठीक से पढ़ना-लिखना भी नहीं आता। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसके मोबाइल पर आई एक लिंक पर गलती से क्लिक हो गया था, जिसके बाद वह अनजाने में एक व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ गई। उस ग्रुप या उसके किसी सदस्य के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं थी।
इसके बाद महाराष्ट्र ATS ने महिला के मोबाइल, उपलब्ध डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की। प्रारंभिक जांच में महिला का किसी भी संदिग्ध गतिविधि या पाकिस्तान के कथित गैंगस्टर शहजाद भट्टी से कोई संबंध नहीं पाया गया। इसलिए पूछताछ के बाद उसके खिलाफ कोई आगे की कार्रवाई नहीं की गई।