

Bhandara LCB Action: भंडारा जिला पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने अवैध रेत तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए करडी और साकोली पुलिस थाना क्षेत्रों में छापेमारी की है। इस कार्रवाई के दौरान बिना रॉयल्टी और बिना पास के अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टरों को पकड़ा गया। पुलिस ने दोनों मामलों में ट्रैक्टर चालकों व मालिकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर कुल 14.62 लाख रुपये का माल जब्त किया है।
पहली कार्रवाई करडी थाना अंतर्गत मुंढरी परिसर में की गई। एलसीबी की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान एक ट्रैक्टर नंबर एमएच369037 बिना नंबर की ट्रॉली के साथ आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने जब ट्रैक्टर को रोककर उसकी जांच की, तो उसमें अवैध रूप से चोरी की करीब 1 ब्रास रेत भरी हुई थी। पूछताछ में ट्रैक्टर चालक और मालिक की पहचान आशीष प्रल्हाद मेश्राम के रूप में हुई।
पुलिस ने 6 लाख रुपये का ट्रैक्टर, 1 लाख रुपये की ट्रॉली और 6 हजार रुपये की रेत सहित कुल 7,06,000 रुपये का माल जब्त किया। दूसरी कार्रवाई साकोली थाना अंतर्गत सेंदुरवाफा की श्रीनगर कॉलोनी में की गई। एलसीबी की टीम ने एक बिना नंबर के ट्रैक्टर को रोका, जो बिना नंबर की ट्रॉली के साथ जा रहा था। इस ट्रॉली में भी बिना अनुमति के सरकारी रेत चोरी कर ले जाई जा रही थी।
जांच करने पर पता चला कि ट्रैक्टर चालक भाऊदास मोहन बोरकर अपने मालिक पुरुषोत्तम अंताराम कापगते के कहने पर रेत का अवैध परिवहन कर रहा था। पुलिस ने 7.50 लाख रुपये का ट्रैक्टर-ट्रॉली और 6 हजार रुपये की 1 ब्रास रेत सहित कुल 7,56,000 रुपये का माल जब्त किया है। साकोली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।