

Gondia Wildlife Smuggling: वन्यजीव तस्करी के खिलाफ राजस्व गुप्तवार्ता निदेशालय (DRI) नागपुर की टीम ने मंगलवार, 29 सितंबर को देवरी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। देवरी-पुराडा मार्ग पर मोहनटोला के पास जाल बिछाकर टीम ने तेंदुए की खाल के साथ दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।
उनके कब्जे से तेंदुए की खाल सहित अन्य संबंधित सामग्री जब्त की गई। दोनों आरोपियों और जब्त सामग्री को आगे की जांच के लिए देवरी वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
DRI नागपुर यूनिट को वन्यजीव तस्करी से संबंधित गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मोहनटोला परिसर में निगरानी बढ़ाते हुए कार्रवाई की। इस दौरान धनराज रामलाल उईके (35), निवासी ढिवरीनटोला, तहसील देवरी तथा नीलकंठ रामचंद्र पंधरे (37), निवासी श्रीरामनगर, तहसील सड़क अर्जुनी को हिरासत में लिया गया।
तेंदुआ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित वन्यजीव है। उसकी खाल रखना, खरीदना-बेचना अथवा उसका अवैध व्यापार करना कानूनन अपराध है। अब वन विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि बरामद खाल कहां से लाई गई थी और इसे आरोपियों तक किसने पहुंचाया।
इसके अलावा खाल की बिक्री किसे की जानी थी और इस पूरे मामले में इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। कार्रवाई के पीछे किसी बड़े वन्यजीव तस्करी नेटवर्क का हाथ है या नहीं, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद होने की संभावना है।