

Hajra Fall Salekasa: जब बारिश की फुहारों से प्रकृति हरे रंग की चादर ओढ़ लेती है, तब सालेकसा तहसील के प्रसिद्ध हाजराफॉल पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन जाता है। पहाड़ों और घाटियों से कल-कल करते हुए गिरता झरना, आसपास की मनोरम वनराई और बारिश के मौसम का खुशनुमा वातावरण इन दिनों हाजराफॉल पर पर्यटकों की बढ़ी भीड़ को आकर्षित कर रहा है। पर्यटन की इस बढ़ती आवाजाही से जहां शासन को राजस्व प्राप्त हो रहा है, वहीं स्थानीय नागरिकों को रोजगार भी मिल रहा है। 15 अगस्त 2026 को हाजरा फॉल से कुल 1 लाख 35 हजार रु. का राजस्व प्राप्त हुआ।
इसके बाद 16 अगस्त को 78 हजार रु., जबकि नागपंचमी के अवसर पर 17 अगस्त को 32 हजार रु. का राजस्व प्राप्त हुआ। विशेष रूप से जुलाई 2026 के एक ही महीने में हाजराफॉल से 3 लाख 95 हजार रु. का राजस्व प्राप्त हुआ है। इससे हाजराफॉल केवल प्राकृतिक सौंदर्य का स्थल न रहकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को सहारा देने वाले महत्वपूर्ण पर्यटन केंद्र के रूप में उभर रहा है। पर्यटन स्थल के प्रबंधन के लिए संयुक्त वन प्रबंधन समिति के माध्यम से लगभग 35 स्थानीय नागरिकों को रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया गया है।
सुविधाओं को दी जा रही प्राथमिकता इस बीच, पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए हाजराफॉल परिसर में पर्यटकों की सुरक्षा, स्वच्छता और आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। वन विभाग तथा समिति के माध्यम से पर्यटकों को सुरक्षित, अनुशासित और आनंददायी पर्यटन का अनुभव मिले, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस पूरे उपक्रम के लिए उपवन संरक्षक पवनकुमार जोंग, सहायक वनसंरक्षक सचिन डोंगरवार, वनपरिक्षेत्र अधिकारी वालके, क्षेत्र सहायक जे. जी. खान, वनरक्षक बिसेन तथा संयुक्त वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गोविंद मरस्कोल्हे का मार्गदर्शन व सहयोग प्राप्त हो रहा है। उनके मार्गदर्शन में हाजराफॉल परिसर में पर्यटन प्रबंधन को अधिक सक्षम बनाने के साथ-साथ पर्यटकों की सुरक्षा, स्वच्छता और स्थानीय रोजगार सृजन पर जोर दिया जा रहा है।
प्रकृति द्वारा मुक्तहस्त से बिखेरी गई सुंदरता का अनुभव कराने वाला हाजराफॉल वर्तमान में पर्यटकों की आवाजाही से गुलजार है। एक ओर झरने की झागदार धारा के माध्यम से प्रकृति के मनमोहक रूप का अनुभव होता है, वहीं दूसरी ओर इसी पर्यटन से स्थानीय लोगों के हाथों को काम और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को गति मिल रही है। इसलिए 'प्रकृति पर्यटन और स्थानीय विकास' का सुंदर संगम कराने वाला हाजराफॉल आने वाले समय में सालेकसा तहसील के पर्यटन मानचित्र पर और अधिक प्रमुखता से उभरने की संभावना है।