Gondia Water Supply News: अर्जुनी मोरगांव, सिरेगांव और खांबी प्रादेशिक जलापूर्ति योजना के कर्मचारियों ने लंबित मांगों को लेकर 6 अप्रैल से जिला परिषद कार्यालय के सामने आमरण अनशन करने की चेतावनी दी है।
जलापूर्ति कामगार संगठन ने जिप अध्यक्ष को सौंपे ज्ञापन में प्रशासन की निष्क्रियता पर नाराजगी जताई है। कर्मचारियों का कहना है कि न्यायालय का फैसला लंबित होने के बावजूद उसे लागू नहीं किया गया है, वहीं वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को नियमित मानधन भी नहीं मिल रहा।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में कानूनन वेतन, अधिकृत सेवा ज्येष्ठता सूची तैयार करना और लंबित मामलों का तत्काल निराकरण शामिल है। कई बार पत्राचार के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों की आजीविका पर संकट गहराया है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि 6 अप्रैल को सुबह 10.30 बजे से जिप अध्यक्ष कार्यालय के सामने भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। आंदोलन के चलते संबंधित गांवों की जलापूर्ति प्रभावित हो सकती है, जिसे देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था करने की भी मांग की गई है।