Gondia Unseasonal Rain News: गोंदिया जिले में बादल छाए रहने का सिलसिला जारी है, विगत दिनों हुई बेमौसम बारिश ने मक्के की फसल को नुकसान पहुंचाया है, वहीं पिछले सप्ताह को भी गोंदिया समेत जिले के कुछ हिस्सों में बेमौसम बारिश हुई। इस बारिश ने धान उत्पादक किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। बेमौसम बारिश और तूफान ने किसानों की रोजीरोटी छीन ली है।
जिला कृषि अधीक्षक नीलेश कानवड़े ने बताया कि जिले में 260 हेक्टेयर में लगी मक्के की फसल को नुकसान हुआ है। जिले में कुछ दिन पहले आए तूफान में मक्के की फसल को बड़ा नुकसान हुआ था। यह फसल खेतों में ही पड़ी थी कि फिर से जिले भर में बादल छा गए। ज्यादातर जगहों पर रुकरुक कर बारिश हुई। जिससे मक्का, सब्जियां और बागों को नुकसान हुआ है।
लगातार बादल छाए रहने से भारी बारिश की उम्मीद है, जिससे किसानों में चिंता का माहौल है। हाल ही में तूफान के साथ हुई रूकरूक कर बारिश ने कई जगहों पर मक्के की फसल को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। तेज हवाओं की वजह से मक्के की फसल खेतों में गिर गई है, जिससे किसानों की मेहनत बर्बाद होने का डर है। इस स्थिति ने उनकी चिंता बढ़ा दी है क्योंकि कई किसानों ने कर्ज लेकर ज्यादा लागत लगाकर फसल उगाई है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने की संभावना है।
जिले में बेमौसम बारिश हुई। बादल छाए रहने से रबी धान की फसल में कीड़े और बीमारियों का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। इसलिए धान की खेती करने वाले किसानों में चिंता का माहौल है क्योंकि इससे रबी धान पर असर पड़ने की संभावना है।
लगातार बदलते मौसम के कारण मक्के की फसल के साथ आम, टमाटर, सब्जी और अन्य फलों के पेड़ों के फूल और फल गिर गए हैं। जिससे बागवानों को भारी नुकसान हुआ है। किसानों के लिए अपनी फसलों की देखभाल के लिए हर मुमकिन उपाय करना जरूरी हो गया है।