Gondia Zilla Parishad Health Awards News: राज्य में लोगों का स्वास्थ्य बेहतर बनाने और जागरूकता के माध्यम से स्वस्थ समाज निर्माण के उद्देश्य से महाराष्ट्र सरकार ने ‘मेरा गांव, स्वस्थ गांव’ अभियान शुरू किया है। इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इस संबंध में राज्य के सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रकाश आबिटकर द्वारा भेजा गया विशेष पत्र जिला स्वास्थ्य अधिकारी अभिजीत गोल्हार ने जिला परिषद उपाध्यक्ष तथा स्वास्थ्य व शिक्षा सभापति सुरेश हर्षे को सौंपा।
‘लोग स्वस्थ, राज्य मजबूत’ की अवधारणा पर आधारित यह अभियान अप्रैल माह से पूरे राज्य में लागू किया जाएगा। अभिजीत गोल्हार ने इस दौरान अभियान के नियोजन और क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी।
अभियान के तहत जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता दी जाएगी। साथ ही स्वास्थ्य समितियों के पदाधिकारी और अधिकारी विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण और मार्गदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर सुरेश हर्षे ने कहा कि गोंदिया जिले को इस अभियान में अग्रणी बनाने के लिए सभी स्वास्थ्य यंत्रणाओं को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने नागरिकों की भागीदारी को इस अभियान की सफलता की कुंजी बताया।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के जिला विस्तार एवं मीडिया अधिकारी विजय आखाड़े तथा प्रशांत खरात भी उपस्थित रहे।
राज्य सरकार ने इस अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली जिला परिषदों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार योजना भी घोषित की है। इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले जिलों को करोड़ों रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार अभियान में ग्राम सभाओं के आयोजन, स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, जिला अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उपकेंद्रों में सुविधाओं, दवाओं के स्टॉक तथा मानव संसाधन की समीक्षा पर विशेष जोर दिया जाएगा।