

Highlights:
गोंदिया में दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत उठाया था।
मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण को विभिन्न पकवानों, मिठाइयों और मौसमी व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित होगा।
Govardhan Puja In Gondia: दीपावली पर्व के दूसरे दिन मनाया जाने वाला गोवर्धन पूजा का पर्व 10 नवंबर को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। यह पर्व प्रकृति, गौवंश, कृषि और पर्यावरण के संरक्षण का संदेश देता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठाया था। तभी से गोवर्धन पूजा की परंपरा चली आ रही है।
इस अवसर पर घरों और मंदिरों में गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की की जाएगी। गोवर्धन पूजा को अन्नकूट पर्व के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण को विभिन्न प्रकार के पकवान, अनाज, मिठाइयां और मौसमी व्यंजनों का भोग लगाया जाता है। मंदिरों में अन्नकूट का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाता है। कई स्थानों पर सामूहिक पूजा और भंडारे भी आयोजित किए जाते हैं।
गोवर्धन पूजा के अवसर पर गायों को स्नान कराकर सजाया जाता है। उनके सींगों पर रंग लगाया जाता है तथा गले में फूलों की माला पहनाई जाती है। इसके बाद उनकी पूजा कर गुड़, हरा चारा और अन्य खाद्य सामग्री खिलाई जाती है। हिंदू धर्म में गाय को पूजनीय और समृद्धि का प्रतीक माना गया है। कृषि आधारित ग्रामीण जीवन में गाय और बैल का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। इसलिए यह पर्व पशुधन के संरक्षण और उनके प्रति सम्मान की भावना को भी मजबूत करता है।
परंपरा के अनुसार, गोवर्धन पूजा के दिन घरों के आंगन में गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की प्रतिकृति बनाई जाती है। इसे फूलों, पत्तियों और रंगोली से सजाया जाता है। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गाय-बछड़ों की पूजा की जाती है। पूजा के दौरान दीप प्रज्वलित कर परिवार की सुख-शांति, अच्छी वर्षा और भरपूर फसल की कामना की जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस पर्व का विशेष महत्व है। किसान अपनी कृषि परंपराओं और पशुधन के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए गौवंश की पूजा करते हैं।