

Gondia Farmers Agriculture Credit Limit: खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खेती के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नाबार्ड और राज्य सरकार के माध्यम से फसल कर्ज वितरित किया जा रहा है। इस वर्ष गोंदिया जिले की जिला सहकारी, राष्ट्रीयकृत और ग्रामीण बैंकों को 495 करोड़ रुपये का फसल कर्ज वितरण का लक्ष्य दिया गया है। अब तक 43,089 किसानों को 320 करोड़ रुपये का फसल कर्ज वितरित किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 65 प्रश. है।
जिले में इस खरीफ सीजन में लगभग 1 लाख 68 हजार (1,68,000) हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती की जा रही है। खेती की लागत बढ़ने के साथ ही खाद, बीज और अन्य कृषि कार्यों के लिए किसानों को अधिक पूंजी की आवश्यकता होती है। किसानों को साहूकारों या निजी उधार पर निर्भर न रहना पड़े, इसलिए सरकार और नाबार्ड की सहायता से बैंकों के माध्यम से फसल कर्ज उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस वर्ष खरीफ सीजन में जिला, राष्ट्रीयकृत व ग्रामीण बैंकों को 495 करोड़ रुपये का फसल कर्ज आवंटन लक्ष्य दिया गया है। इसमें से अब तक सभी बैंकों ने 320 करोड़ 3 लाख रुपये का फसल कर्ज वितरित किया है। अब तक हुए कर्ज वितरण में गोंदिया जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक ने एक बार फिर सबसे आगे रहते हुए 37,717 किसानों को 263 करोड़ 43 लाख रुपये का फसल कर्ज दिया है। वहीं राष्ट्रीयकृत बैंकों ने 2,528 किसानों को 23 करोड़ 76 लाख रुपये , अन्य बैंकों ने 366 किसानों को 10 करोड़ 73 लाख रुपये , जबकि ग्रामीण बैंकों ने 2,478 किसानों को 22 करोड़ 11 लाख रुपये का कर्ज वितरित किया है। इस वर्ष राज्य सरकार ने धान सहित अन्य फसलों के लिए प्रति हेक्टेयर फसल कर्ज की सीमा बढ़ाई है, जिससे किसानों को पहले की तुलना में अधिक कर्ज मिल रहा है।
गोंदिया जिला मध्यवर्ती बैंक व्यवस्थापक कौशल तिराले ने कहा है कि संभावना है कि खरीफ सीजन में किसानों को फसल कर्ज वितरण का लक्ष्य पूरा हो जाएगा। अब तक 65 प्रश. कर्ज वितरित किया जा चुका है। अब तक 43 हजार 89 (43,089) किसानों को 320 करोड़ का कर्ज वितरित किया जा चुका है। आने वाले दिनों में कर्ज वितरण की गति और तेज होने की उम्मीद है।
फसल कर्ज प्राप्त करने की प्रक्रिया सरल होने के कारण किसान सबसे अधिक गोंदिया जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक का रुख कर रहे हैं। इस बैंक को 425 करोड़ रुपये का फसल कर्ज वितरण का लक्ष्य दिया गया है, जिसमें से बैंक ने अब तक 37,717 किसानों को 263 करोड़ 43 लाख रुपये का फसल कर्ज वितरित किया है।
| बैंक का प्रकार | वितरित कर्ज (करोड़ रुपये में) | लाभार्थी किसान (संख्या) |
| जिला बैंक | 263.43 करोड़ रुपये | 37,717 |
| राष्ट्रीयकृत बैंक | 23.76 करोड़ रुपये | 2,528 |
| अन्य बैंक | 10.73 करोड़ रुपये . | 366 |
| ग्रामीण बैंक | 22.11 करोड़ रुपये | 2,478 |
| कुल योग | 320.03 करोड़ रुपये | 43,089 |