

Bhandara ST News: गर्मी की छुट्टियों और पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल एसटी की जहां चाहें वहां यात्रा योजना यात्रियों के लिए कम खर्च में बेहतरीन यात्रा का विकल्प साबित हो रही है। सस्ते और सुरक्षित पर्यटन सुविधा देने वाली इस योजना का लाभ भंडारा जिले के अनेक यात्रियों ने उठाया है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक के एक वर्ष के अंतराल में जिले के कुल 291 यात्रियों ने इस सुविधा का लाभ उठाया, जिससे एसटी महामंडल को 6 लाख 25,757 रुपये की आय प्राप्त हुई।
एसटी महामंडल की यह योजना पर्यटकों को एक निश्चित अवधि के लिए एकमुश्त पास लेकर महाराष्ट्र के किसी भी कोने में असीमित यात्रा करने की सुविधा प्रदान करती है। इसमें 4 दिन और 7 दिन की अवधि वाले पास उपलब्ध कराए गए हैं। यह योजना विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए अधिक लाभदायक है, जो कम समय में ज्यादा से ज्यादा पर्यटन स्थलों का भ्रमण करना चाहते हैं।
इससे यात्रियों को हर बार टिकट लेने की परेशानी से मुक्ति मिलती है और कुल यात्रा खर्च में भी काफी बचत होती है। निजी वाहनों की तुलना में इस योजना के माध्यम से यात्रा करने पर खर्च में लगभग 40 से 50 प्रतिशत तक की कमी आती है।
भंडारा जिले में पिछले एक वर्ष के दौरान साधारण व निमआराम बसों के लिए 129 यात्रियों ने पास खरीदे, जिससे महामंडल को 2,46,181 रुपये की आय हुई।
वहीं, आरामदायक यात्रा को प्राथमिकता देते हुए 166 यात्रियों ने शिवशाही एसी बस सेवा का चयन किया, जिससे विभाग को 3,79,576 रुपये का राजस्व मिला इस पास को प्राप्त करने के लिए यात्रियों को आधार कार्ड, पहचान पत्र और दो पासपोर्ट आकार के फोटो जैसे आवश्यक दस्तावेज लेकर किसी भी अधिकृत बस स्टेशन की पास खिड़की पर अग्रिम पंजीयन कराना होता है।
एसटी महामंडल विभागीय नियंत्रक निलेश बेलसरे ने कहा कि एसटी महामंडल की जहां चाहें वहां यात्रा योजना मध्यमवर्गीय और सामान्य पर्यटकों के लिए किसी सौगात से कम नहीं है। सुरक्षित और भरोसेमंद यात्रा के साथ यह योजना बजट में भी काफी किफायती है। जिले के अधिक से अधिक यात्रियों को पर्यटन या धार्मिक यात्राओं के लिए इस सुविधा का लाभ लेना चाहिए, ताकि उनका सफर आनंददायक और सस्ता बन सके।