Maharashtra Health News: अर्जुनी मोरगांव विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। विधायक राजकुमार बडोले द्वारा विधानसभा में उठाए गए मुद्दों पर संज्ञान लेते हुए राज्य स्तरीय वरिष्ठ स्वास्थ्य समिति ने नवेगांवबांध पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।
दौरे के दौरान समिति ने क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का आकलन करते हुए सुधार के लिए ठोस निर्णय लिए। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के स्तर में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
हाल ही में मुंबई में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान विधायक बडोले ने अर्जुनी मोरगांव और सड़क अर्जुनी क्षेत्र की खराब स्वास्थ्य व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने अस्पतालों में डॉक्टरों व कर्मचारियों की कमी, भवनों की जर्जर स्थिति और संसाधनों के अभाव जैसे गंभीर विषयों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
सरकार के आश्वासन के तहत ही राज्य स्तरीय समिति ने क्षेत्र का दौरा कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया। बैठक में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उपकेंद्रों को अपग्रेड कर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
समिति ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण मरीजों को बेहतर इलाज उनके नजदीकी अस्पतालों में ही मिलना चाहिए, जिससे उन्हें दूरदराज के शहरों में जाने की आवश्यकता न पड़े। इसके लिए अस्पतालों में आवश्यक उपकरण, दवाइयां और विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना तैयार की गई है।
कर्मचारी कमी दूर करने पर जोर
स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावित होने का एक प्रमुख कारण कर्मचारियों की कमी सामने आई। इस पर समिति ने रिक्त पदों को तत्काल संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) पद्धति से भरने के निर्देश दिए। डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति से अस्पतालों की कार्यक्षमता में सुधार और मरीजों को समय पर उपचार मिलने की उम्मीद है।
बाक्स: जर्जर अस्पताल भवनों पर चिंता
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अस्पताल भवनों की जर्जर स्थिति सामने आई। समिति ने निर्देश दिए कि जहां भूमि की समस्या है, वहां प्राथमिकता के आधार पर जमीन उपलब्ध कराकर नए भवनों का निर्माण किया जाए। साथ ही, मौजूदा अस्पतालों की मरम्मत और विस्तार के कार्य शीघ्र शुरू किए जाएं।