आंगनवाड़ी के खाने में बड़ा बदलाव! अब अरहर खिचड़ी की जगह मिलेगा टेस्टी वेज पुलाव, जानें पूरी डिटेल्स

Anganwadi New Menu: आंगनवाड़ी केंद्र के पोषण आहार मेन्यू में सरकार ने बड़ा बदलाव किया है। नवंबर 2026 से बच्चों को वेज पुलाव, मसाला खिचड़ी और बहुधान्य पफ देकर कुपोषण से जंग लड़ी जाएगी।
Veg Pulao In Anganwadi New Menu
आंगनवाड़ी के खाने में मिलेगा टेस्टी वेज पुलाव (प्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Veg Pulao In Anganwadi New Menu: छोटे बच्चों की भोजन से जुड़ी पसंद-नापसंद और गर्भवती व स्तनपान कराने वाली माताओं की पोषण संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र सरकार के महिला व बाल विकास विभाग ने आंगनवाड़ी की 'घर-घर पोषण आहार' योजना में बड़ा बदलाव किया है। आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित 'घर-घर पोषण आहार' योजना के मेन्यू में व्यापक बदलाव किए गए हैं। इस नई पहल का मुख्य उद्देश्य भोजन को अधिक पौष्टिक बनाने के साथ-साथ उसे स्वादिष्ट और बच्चों के लिए आकर्षक बनाना है।

अरहर खिचड़ी की जगह अब मेन्यू में वेज पुलाव

विभागीय जानकारी के अनुसार, लंबे समय तक एक ही प्रकार का भोजन मिलने से लाभार्थियों, विशेषकर छोटे बच्चों में खाने के प्रति रुचि कम होने लगी थी। इसी समस्या को दूर करने के लिए पहले बांटी जाने वाली अरहर दाल खिचड़ी प्रीमिक्स के स्थान पर अब बच्चों के पसंदीदा 'वेज पुलाव' को शामिल किया गया है।

इसके अलावा, मूंगदाल खिचड़ी प्रीमिक्स को मेन्यू में यथावत रखा गया है, लेकिन अब इसके साथ एक अलग से 'मसाला पैकेट' भी दिया जाएगा। इससे लाभार्थी परिवार अपनी स्वाद और पसंद के अनुसार खिचड़ी को अधिक मसालेदार या स्वादिष्ट बना सकेंगे।

बहुधान्य पौष्टिक पफ: स्वाद और पोषण का नया संगम

अब इसके साथ अलग से मसाला पैकेट भी दिया जाएगा, ताकि स्वाद के अनुसार खिचड़ी तैयार की जा सके।इसके अलावा पहले दिए जाने वाले मोटे अनाज आधारित बहुधान्य-प्रोटीन मिश्रण के स्थान पर अब 'बहुधान्य पौष्टिक पफ' उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे बच्चों से लेकर बड़े तक आसानी से पसंद कर सकें। हालांकि पौष्टिक बहुधान्य-प्रोटीन मिश्रण को भी योजना में शामिल रखा गया है।

एकात्मिक बाल विकास सेवा योजना के तहत आंगनवाड़ियों के माध्यम से हजारों बच्चों और माताओं को घर-घर पोषण आहार उपलब्ध कराया जाता है। विभाग का मानना है कि लंबे समय तक एक जैसा भोजन मिलने से कई लाभार्थियों की रुचि कम हो जाती थी। इसी कारण पोषण के साथ-साथ भोजन को स्वादिष्ट और स्वीकार्य बनाने के उद्देश्य से मेन्यू में यह बदलाव किया गया है।

45 हजार बच्चों को मिलेगा सीधा लाभ

महिला व बाल विकास विभाग ने गोंदिया जिले की सभी 1,902 आंगनवाड़ियों में नए मेन्यू के अनुसार खाद्यान्न उपलब्ध कराने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। नवंबर 2026 से नई व्यवस्था लागू होने के बाद जिले के करीब 45 हजार बच्चों को नियमित रूप से वेज पुलाव सहित पौष्टिक आहार मिलेगा। साथ ही गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और किशोरियों को भी संशोधित पोषण सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

महिला व बाल विकास अधिकारी गोंदिया जिला परिषद कीर्तिकुमार कटरे ने बताया कि नवंबर 2026 से गोंदिया जिले की सभी 1,902 आंगनवाड़ियों में लगभग 45 हजार बच्चों को पौष्टिक वेज पुलाव उपलब्ध कराया जाएगा। यह आहार स्वादिष्ट होने के साथ-साथ संतुलित पोषण भी प्रदान करेगा। विभाग का मानना है कि इस पहल से कुपोषण के खिलाफ चल रहे अभियान को और मजबूती मिलेगी तथा बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के साथ मातृ पोषण स्तर भी बेहतर होगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com