Gondia SSC Result 2026: गोंदिया जिला नागपुर संभाग में दूसरे स्थान पर; 87.58 प्रतिशत रहा कुल परिणाम

Gondia SSC Result: महाराष्ट्र बोर्ड की दसवीं परीक्षा के नतीजों में गोंदिया जिले ने नागपुर संभाग में दूसरा स्थान हासिल किया है। लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता की परंपरा को बरकरार रखा है।
Gondia 10th Board Result: 2026
सांकेतिक फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Gondia SSC Result 2026: महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा का परिणाम शुक्रवार, 8 मई को ऑनलाइन घोषित कर दिया गया। इस परीक्षा परिणाम में गोंदिया जिले ने 87.58 प्रतिशत सफलता के साथ नागपुर संभाग में दूसरा स्थान प्राप्त कर गौरव बढ़ाया है। शिक्षा मंडल ने दोपहर 1 बजे नतीजों की आधिकारिक घोषणा की, जिसमें एक बार फिर छात्राओं ने अपनी श्रेष्ठता साबित की है।

जिले की मेधावी छात्राओं ने बढ़ाया मान

गोंदिया जिले की गुणवत्ता सूची में स्थानीय चंचलबेन इंग्लिश हाईस्कूल की छात्रा खुशी सुहास सुखदेवे ने 99.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं, विवेक मंदिर विद्यालय की छात्रा आस्था धर्मेंद्रकुमार नागपुरे ने 500 में से 485 अंक प्राप्त कर शाला में प्रथम और जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया। सरस्वती विद्यालय, अर्जुनी मोरगांव की छात्रा वारिया राधेश्याम मुरकुटे ने 484 अंकों के साथ जिले में तीसरा स्थान प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

तहसीलवार विश्लेषण: गोंदिया तहसील सबसे आगे

इस वर्ष के परिणामों में गोंदिया तहसील 89.29 प्रतिशत परिणाम के साथ जिले में पहले स्थान पर रही। यहां कुल 5,885 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 5,555 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। दूसरे स्थान पर अर्जुनी मोरगांव तहसील रही। हालांकि, उत्तीर्ण विद्यार्थियों की कुल संख्या और प्रतिशत में पिछले वर्ष की तुलना में कुछ कमी दर्ज की गई है, जिस पर शिक्षा विभाग को आत्ममंथन करने की आवश्यकता जताई जा रही है।

छात्राओं की सफलता का प्रतिशत रहा अधिक

जिले में लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 92.76 रहा, जो लड़कों की तुलना में काफी बेहतर है। विभिन्न तहसीलों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा:

  • गोंदिया: छात्र 84.75%, छात्राएं 94.33%
  • अर्जुनी मोरगांव: छात्र 85.36%, छात्राएं 95.33%
  • आमगांव: छात्र 79.33%, छात्राएं 93.08%
  • सड़क अर्जुनी: छात्र 84.72%, छात्राएं 92.99%
  • तिरोड़ा: छात्र 82.81%, छात्राएं 92.76%

पुनः परीक्षा देने वाले 391 विद्यार्थियों में से 108 विद्यार्थी सफल रहे, जिसका परिणाम 72.62 प्रतिशत रहा। कुल मिलाकर, गोंदिया जिले ने संभाग में अपनी मजबूत स्थिति बरकरार रखी है और छात्राओं ने एक बार फिर सफलता की कमान अपने हाथ में रखी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com