गिरगांव-मालाबार हिल में बिजली संकट से राहत की तैयारी, 20 करोड़ की नई केबल परियोजना शुरू

Girgaon Malabar Hill Power Upgrade: गिरगांव और मालाबार हिल में बार-बार हो रही बिजली कटौती की समस्या को दूर करने के लिए बेस्ट ने 20 करोड़ रुपये की आधुनिकीकरण परियोजना शुरू की है।
Girgaon Malabar Hill Power Upgrade News
गिरगांव इलेक्ट्रिसिटी केबल प्रोजेक्ट (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Girgaon Malabar Hill Power Upgrade News: दक्षिण मुंबई के गिरगांव और मालाबार हिल क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होने की शिकायतें बढ़ रही हैं।

पुरानी केबलों के कारण उत्पन्न हो रही इस अस्थिरता को देखते हुए बेस्ट प्रशासन ने पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और निर्बाध बनाने के लिए एक बड़े आधुनिकीकरण परियोजना की शुरुआत की है।

इसके तहत पुरानी और जर्जर हो चुकी केबलों की जगह नई 33,000 वोल्ट क्षमता वाली उच्च-दाब विद्युत केबल बिछाने का काम शुरू किया गया है। इस काम के लिए 20 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसी के साथ ही दो नए वितरण केंद्र भी बनाए जाने की योजना है।

गिरगांव क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित

दक्षिण मुंबई में वर्तमान में बिजली आपूर्ति गिरगांव और संभाजी केंद्रों से 33,000 वोल्ट क्षमता वाली दो केबलों के माध्यम से की जाती है। इनमें से एक केबल रेलवे पटरियों के नीचे से गुजरती है। पुरानी हो जाने के कारण इसमें बार बार खराबी आने लगी थी, जिसका सीधा असर बिजली आपूर्ति पर पड़ रहा था, दूसरी केबल में भी तकनीकी खराबी आने से गिरगांव क्षेत्र के कई हिस्सों में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी।

गिरगांव-मलबार हिल : शुरू हुआ काम

बाद में तत्काल मरम्मत कर आपूर्ति बहाल की गई। बेस्ट अधिकारियों के अनुसार दोनों केबलै अत्यंत पुरानी हो चुकी हैं और भविष्य में फिर से खराब होने की आशंका बनी हुई है। इसे ध्यान में रखते हुए नई केबल बिछाने का निर्णय लिया गया है।

इसके लिए नेताजी सुभाष रोड, ए।के। रोड, महर्षि कर्वे रोड और श्यामलदास गांधी रोड पर खुदाई कर भूमिगत डक्ट के माध्यम से नई केबल डाली जाएगी, इस कार्य के लिए मनपा और यातायात पुलिस से आवश्यक अनुमति प्राप्त कर ली गई है। इसी के साथ ही युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया गया है। पूरे प्रकल्प के लिए लगभग 20 करोड़ रुपए की वित्तीय व्यवस्था की गई है।

गिरगांव और मालाबार हिल क्षेत्र की बिजली आपूर्ति को अधिक विश्वसनीय बनाने के लिए यह कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। साथ ही इस क्षेत्र में दो नए बिजली वितरण केंद्र भी शुरू किए जाएंगे।

- तृष्णा विश्वासराव, अध्यक्षा, बेस्ट समिति

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com