

Total Of 975 Voters In Wardha-Chandrapur-Gadchiroli Region For MLC Elections: वर्धा-चंद्रपुर-गड़चिरोली स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र की संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया की निगरानी एवं नियंत्रण के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा स्वाती म्हसे पाटिल को निर्वाचन पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में उन्होंने मंगलवार को चुनावी मशीनरी तथा विभिन्न नोडल अधिकारियों द्वारा की गई तैयारियों की समीक्षा की।
चंद्रपुर जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में निर्वाचन अधिकारी एवं चंद्रपुर की जिलाधिकारी वसुमना पंत, पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव देशमुख, निवासी उप जिलाधिकारी दगडू कुंभार सहित सभी नोडल अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान निर्वाचन पर्यवेक्षक स्वाती म्हसे पाटील ने सभी नोडल अधिकारियों से उनके विभागों द्वारा की गई तैयारियों की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि, चुनाव संबंधी सभी कार्य अत्यंत गंभीरता और सावधानी के साथ किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि न होने पाए। उन्होंने मतपत्रों, मतपेटियों तथा अन्य चुनावी सामग्री के वितरण और परिवहन में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। बैठक से पूर्व उन्होंने चंद्रपुर तहसील कार्यालय स्थित मतदान केंद्र तथा मतगणना कक्ष का निरीक्षण भी किया।
प्रस्तुतिकरण के दौरान जिलाधिकारी वसुमना पंत ने बताया कि, वर्धा-चंद्रपुर-गड़चिरोली स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र में कुल 975 मतदाता हैं, जिनमें 495 पुरुष और 480 महिला मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि, निर्वाचन क्षेत्र में चंद्रपुर जिले की 1 महानगरपालिका, 10 नगर परिषदें और 7 नगर पंचायतें, गडचिरोली जिले की 3 नगर परिषदें और 9 नगर पंचायतें तथा वर्धा जिले की 10 नगर परिषदें शामिल हैं। तीनों जिलों की जिला परिषदों के मतदाताओं की संख्या शून्य है। तीनों जिलों में उपविभागीय अधिकारी कार्यालय और तहसील कार्यालयों में कुल 17 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। मतगणना चंद्रपुर तहसील कार्यालय में होगी। बैठक में उपविभागीय अधिकारी एवं नोडल अधिकारी विशालकुमार मेश्राम, उप जिलाधिकारी संजय पवार, अतुल जटाले, शुभम दांडेकर, सचिन कुमावत, पालिका प्रशासन अधिकारी डा। विद्या गायकवाड़, कार्यकारी अभियंता अक्षय पगारे, जिला आपूर्ति अधिकारी राहुल बहादूरकर और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी किरण मोरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। वहीं गडचिरोली और वर्धा जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवार, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि अथवा मतदाता निर्वाचन पर्यवेक्षक स्वाती म्हसे पाटील से बकुल वीआईपी गेस्ट हाउस, फॉरेस्ट अकादमी, चंद्रपुर में प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम 5 बजे से 6 बजे तक मुलाकात कर सकते हैं।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन पर्यवेक्षक के दौरे का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा। प्रथम दौराः 1 जून से 4 जून 2026 तक (नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि से नाम वापसी की अंतिम तिथि तक) द्वितीय दौराः 12 जून से 14 जून 2026 तक तृतीय दौराः 17 जून 2026 से मतदान प्रक्रिया के एक दिन पूर्व से लेकर मतगणना पूरी होने और चुनाव परिणाम घोषित होने तक निर्वाचन आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।