सड़क पर उतरे अन्नदाता: सिरोंचा में धान खरीदी केंद्र शुरू न होने से भड़के किसान; 2 घंटे तक हाईवे जाम
Farmers Protest: गड़चिरोली जिले की सिरोंचा तहसील में कटाई के एक माह बाद भी धान खरीदी केंद्र शुरू न होने से नाराज किसानों ने सोमवार को नारायणपुर में दो घंटे तक चक्काजाम आंदोलन किया।
- Written By: केतकी मोडक
गड़चिरोली में धान खरीद केंद्र की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन (सोर्स - नवभारत)
Farmers Protest For Paddy Procurement Center Demand In Gadchiroli: गड़चिरोली जिले के सिरोंचा तहसील के किसानों द्वारा भीषण गर्मी के मौसम में उत्पादित धान की कटाई हुए एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक क्षेत्र में धान खरीदी केंद्र शुरू नहीं किए गए हैं। इस संबंध में प्रशासन से लगातार मांग और पत्राचार किए जाने के बावजूद कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। जिससे नाराज किसानों ने सोमवार को नारायणपुर में चक्काजाम आंदोलन किया।
कड़ी धूप के बीच बड़ी संख्या में किसान सड़क पर उत्तर आए और धान खरीदी केंद्र तत्काल शुरू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। आंदोलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगभग दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
किसानों पर आर्थिक संकट
सिरोंचा तहसील के किसान हर वर्ष आदिवासी विकास महामंडल के माध्यम से अपने धान की बिक्री करते रहे हैं, लेकिन इस वर्ष धान की कटाई के एक माह बाद भी खरीदी केंद्र शुरू नहीं किए गए हैं। इससे किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। सैकड़ों किसानों ने अपना धान खुले में रखा हुआ है, जिससे उसके खराब होने की आशंका बढ़ गई है। किसानों का आरोप है कि, सरकारी खरीदी शुरू न होने का फायदा निजी व्यापारी उठा रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
अजीत पवार के 7 बड़े फैसले, जिन्होंने बदल दी महाराष्ट्र की राजनीति!
Ajit Pawar Anniversary: महिलाओं के बीच क्यों लोकप्रिय रहे अजित दादा? पर्दे के पीछे सुनेत्रा पवार की मेहनत
सिर्फ राजनीति ही नहीं, कविता, एक्टिंग और मॉडलिंग का भी शौक… 56वें जन्मदिन पर जानें अनटोल्ड देवेंद्र फडणवीस
राज्यभर FDA की बड़ी कार्रवाई, गुटखा, दूध और खाद्य सामग्री जब्त, 103 प्रतिष्ठानों की जांच पूरी
जहां सरकार द्वारा धान का समर्थन मूल्य 2,369 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है, वहीं व्यापारी किसानों से मात्र 1,500 से 1,600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद रहे हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। वर्षभर की मेहनत के बाद भी उचित मूल्य नहीं मिलने से किसान परेशान हैं। इसी कारण किसानों ने सरकार और प्रशासन से खरीदी केंद्र शुरू करने की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से उनमें असंतोष बढ़ता गया।
आश्वासन मिलने पर किया आंदोलन समाप्त
इसी पृष्ठभूमि में अमरादी धान खरीदी केंद्र क्षेत्र के किसानों ने सोमवार को नारायणपुर मार्ग पर चक्काजाम आंदोलन शुरू किया। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार सिडाम मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा की। हालांकि किसानों ने स्पष्ट कर दिया कि, लिखित आश्वासन मिलने तक वे आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे। इसके बाद नायब तहसीलदार ने गड़चिरोली क्षेत्रीय कार्यालय के प्रबंधक से दूरभाष पर संपर्क कर किसानों की समस्या से अवगत कराया। आश्वासन मिला कि दो दिनों में खरीदी केंद्र शुरू करेंगे।
सरकार है कहां? किसानों ने किया सवाल
आंदोलन के दौरान किसानों ने कहा कि, सिरोंचा तहसील में हर वर्ष धान खरीदी शुरू कराने के लिए किसानों को सड़क पर उतरना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि, भीषण गर्मी में धान उत्पादक किसानों को परेशान किया जा रहा है। किसानों ने नाराजगी जताते हुए सवाल किया कि हमारी समस्याओं के प्रति संवेदनशील होने का दावा करने वाली सरकार आखिर है कहां?
यह भी पढे़ं:- गड़चिरोली को जलसंकट से मिलेगी राहत, 3 जून से वैनगंगा नदी में छोड़ा जाएगा पानी
वाहनधारक और यात्री हुए त्रस्त
किसानों द्वारा खरीदी केंद्र शुरू करने की मांग को लेकर करीब 2 घंटों तक चक्काजाम आंदोलन किया गया। जिसके कारण नॅशनल हाईवे पर दोनों छोर से वाहनों की लंबी कतारे लग गयी थी। किसानों के आंदोलन के चलते वाहनधारक समेत वाहनों में सवार यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आखिरकार आंदोलन समाप्त होने से वाहनधारक और यात्रियों ने राहत की सांस ली।
