Gadchiroli News: सिरोंचा तहसील मुख्यालय से करीब 70 किमी दूरी पर बसे झिंगानुर गांव में इन दिनों भीषण जलसंकट की स्थिति निर्माण हो गई है. जिसके कारण ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए करीब डेढ़ किमी तक का सफर तय करने की नौबत आ पड़ी है. प्रशासन द्वारा इस गांव में 50 से 60 बोरवेल का खुदाईकरण करने के बाद भी परिसर में पानी की समस्या निर्माण हुई है. जिसके कारण प्रशासन की उपाययोजना केवल शोपीस बनने की बात कही जा रही है. झिंगानुर गांव से 10 किमी दूरी पर इंद्रावती नदी बहती है. बावजूद इसके गांव के नागरिकों को पीने के पानी के लिए तरसना पड़ रहा है.
अप्रैल माह की शुरुआत होते ही झिंगानुर गांव के कुएं और हैंडपंप पूरी तरह सूख गए है. जिसके कारण ग्रामीणों को करीब डेढ़ किमी की दूरी तय कर पीने का पानी लाने की नौबत आ पड़ी है. विशेषत प्रति वर्ष ग्रीष्मकाल के दिनों में यही स्थिति निर्माण होकर ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. लेकिन दूसरी ओर प्रशासन द्वारा स्थायी उपाययोजना नहीं किए जाने के कारण वर्तमान में ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भटकने की नौबत आ गई है.
झिंगानुर गांव तक पहुंचने वाली सड़क की हालत काफी विकट हो गई है. विशेषत नालों पर पुलिया का निर्माण नहीं किए जाने के कारण बरसात के दिनों में परिसर के नागरिकों का तहसील मुख्यालय से संपर्क टूट जाता है. वहीं इस परिसर में बिजली की समस्या भी काफी गंभीर बनी है. नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं पाने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ रहा है. जिससे सरकार और प्रशासन के प्रति नागरिकों में तीव्र नाराजगी व्यक्त की जा रही है.