गड़चिरोली जिले 14 कृषि केंद्रों के लाइसेंस निलंबित, अधिक दामों में खाद बेचना पड़ा महंगा
14 कृषि केंद्रों के लाइसेंस निलंबित, अवैध खाद बिक्री पर कार्रवाई। किसानों को ठगी और कालाबाजारी से बचाने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं।
Gadchiroli News: गड़चिरोली जिले में अवैध रूप से संग्रहण तथा बिक्री में अनियमिततता करने वाले 16 कृषि केंद्र धारकों पर कृषि विभाग ने कार्रवाई की है. जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी कार्यालय में हुए तत्काल सुनवाई में 14 कृषि सेवा केंद्रो के लाइसेंस निलंबित किए है. वहीं 2 केंद्रों को सख्त चेतावनी दी गई. इस कार्रवाई के चलते जिले में कृषि निविष्ठा विक्रेताओं में खलबली मच गई है.
विगत कुछ दिनों से जिले में खाद बिक्री में व्यापक धांधली शुरू थी. कुछ दुकानदार निर्धारित मर्यादा से अधिक दाम में खाद की बिक्री कर रहे थे. वहीं कुछ जगह साठेबाजी कर खाद की कृत्रिम किल्लत निर्माण करने की शिकायत किसानों द्वारा प्राप्त हुए थे. इसकी सुध लेकर जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी प्रीति हिरलकर ने बुधवार को सुनवाई की. इस दौरान देसाईगंज, कुरखेड़ा, अहेरी चामोर्शी, सिरोंचा तथा आरमोरी तहसील के 16 कृषि केंद्र चालकों को सुनवाई के लिए नोटिस दिया गया था.
सुनवाई में दस्तावेजों का उल्लंघन होने की बात साबित होने से 14 कृषि केंद्रों पर निलंबन तो समाधानकारक जबाब देने वाले 2 केंद्रों को अंतिम चेतावनी दी गई. रासायनिक खाद की अधिक दाम से बिक्री न करें, ऐसी सूचना कृषि विभाग मार्फत दी गई है. किसानों से ठगी अथवा कालाबाजारी करने वालों को नहीं बक्शा जाएगा. सभी केंद्र चालक प्रशासकीय शिस्त का पालन करें, अन्यथा लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द किया जाएगा., ऐसी चेतावनी जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी प्रीति हिरलकर ने दी है.
