गड़चिरोली जिला परिषद शिक्षा विभाग में नाइट शिफ्ट का खेल? शिक्षक संगठनों ने देर रात तक कामकाज पर जताई नाराजगी

गड़चिरोली में शिक्षक संगठन ने कार्यालय में देर रात कामकाज पर उठाए सवाल, जांच की मांग।
garhchiroli-55
Published on: 
Updated on: 

Gadchiroli Zilla Parishad News: गड़चिरोली जिला परिषद के माध्यमिक शिक्षा विभाग कार्यालय में देर रात तक चल रहे कामकाज को लेकर शिक्षक संगठनों ने नाराजगी जताई है। महाराष्ट्र राज्य शिक्षा परिषद ने कार्यालयीन कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे नियमबाह्य और मनमानी करार दिया है।

परिषद के राज्याध्यक्ष व पूर्व विधायक नागो गाणार ने आरोप लगाया कि कार्यालय में निर्धारित समय पर कामकाज शुरू नहीं होता, बल्कि शाम के बाद गतिविधियां बढ़ जाती हैं और देर रात तक काम चलता है। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और जिले के पालकमंत्री को ज्ञापन भेजा गया है।

रविवार को डॉ. बाबासाहब सामाजिक न्याय भवन में आयोजित महाराष्ट्र राज्य शिक्षा परिषद के जिला अधिवेशन में शिक्षकों ने माध्यमिक शिक्षाधिकारी कार्यालय के कामकाज पर तीव्र रोष व्यक्त किया।

शिक्षकों का कहना है कि दिन के समय कार्यालय में अपेक्षित कार्य नहीं होता, जबकि शाम 6 बजे के बाद गतिविधियां बढ़ जाती हैं। जिले की भौगोलिक स्थिति और कानून-व्यवस्था को देखते हुए शिक्षकों को देर रात तक रोकना असुरक्षित और परेशान करने वाला है।

शिक्षकों ने सवाल उठाया कि कार्यालयीन समय में अधिकारी उपस्थित क्यों नहीं रहते और देर रात किन कार्यों को अंजाम दिया जाता है। संगठन ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग दोहराई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com