नक्षलवाद पर अंतिम प्रहार, गड़चिरोली पुलिस ने बिना एक भी गोली चलाए 8 नक्सलियों को दबोचा, हथियारों का जखीरा जब्त

Gadchiroli Anti Naxal Operation: गडचिरोली पुलिस ने ऑपरेशन अंतिम प्रहार के तहत 8 नक्सलियों को गिरफ्तार किया। AK-47 सहित 51 हथियार और 65 लाख कैश जब्त। नक्सलियों के बड़े नेटवर्क का हुआ खात्मा।
Final Blow Against Naxalism: Gadchiroli Police Apprehend 8 Naxals Without Firing a Single Shot; Cache of Weapons Seized
जब्त हथियारों का जखीरा (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Operation Antim Prahar: महाराष्ट्र के गड़चिरोली जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ एक ऐतिहासिक और बेहद साहसी मिशन ऑपरेशन अंतिम प्रहार को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। इस संयुक्त अभियान में गडचिरोली पुलिस और सीआरपीएफ (CRPF) की टीम ने 8 कुख्यात नक्सलियों को गिरफ्तार कर उनके नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। गिरफ्तार किए गए नक्सली फोदेवाडा मुठभेड़ में सी-60 (C-60) कमांडो की हत्या में सीधे तौर पर शामिल थे।

तीन राज्यों और क्षेत्रों में फैला था जाल

पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर एक व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। सुरक्षा बलों ने अत्यंत गोपनीयता बरतते हुए इन नक्सलियों को अलग-अलग ठिकानों से गिरफ्तार किया।

  • तेलंगाना राज्य: 4 नक्सली गिरफ्तार
  • कुमनार क्षेत्र: 2 नक्सली गिरफ्तार
  • नैताला क्षेत्र: 2 नक्सली गिरफ्तार

हथियारों का जखीरा और 65 लाख की नकदी बरामद

इस ऑपरेशन की सबसे बड़ी सफलता नक्सलियों के पास से बरामद हुए घातक हथियारों की संख्या है। पुलिस ने उनके पास से कुल 51 अग्निशस्त्र जब्त किए हैं, जिनमें AK-47, SLR, INSAS और LMG जैसी आधुनिक राइफल्स शामिल हैं। इसके अलावा, 65 लाख रुपये से अधिक की नकद राशि बरामद की गई है। भारी मात्रा में गोला-बारूद और नक्सली साहित्य जब्त किया गया है। गिरफ्तार किए गए इन 8 नक्सलियों पर सरकार ने कुल 64 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

बिना गोलीबारी के मिली बड़ी जीत

इस पूरे ऑपरेशन की सबसे खास बात यह रही कि पुलिस ने अत्यंत सूझबूझ और चालाकी से काम लिया। नक्सलियों के एक बड़े मंसूबे को बिना किसी गोलाबारी या हिंसा के विफल कर दिया गया। सुरक्षा बलों की इस रणनीति ने नक्सलियों के मनोबल को तगड़ा झटका दिया है।

एसपी एम. रमेश का संदेश

ऑपरेशन की सफलता पर गड़चिरोली के पुलिस अधीक्षक (SP) एम. रमेश ने कहा, आज गडचिरोली पुलिस बल ने एक बहुत बड़ी सफलता हासिल की है। इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अगले दो से तीन साल तक नक्षल विरोधी अभियान इसी तीव्रता के साथ जारी रहेंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com