Gadchiroli News: गड़चिरोली कुरखेड़ा तहसील के पलसगांव नवेझरी में ग्रामीणों ने गांव को नशामुक्त बनाने के लिए कड़ा कदम उठाते हुए शराबबंदी का प्रस्ताव पारित किया है। विशेष ग्रामसभा में अवैध शराब बिक्री करने वालों पर 50 हजार रुपये तक जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया।
20 मार्च को सरपंच दिगंबर कोकोडे की अध्यक्षता में आयोजित ग्रामसभा में महिलाओं ने बढ़ती व्यसनाधीनता के खिलाफ आवाज उठाई। गांव में सक्रिय शराब विक्रेताओं के कारण परिवारों पर पड़ रहे दुष्प्रभाव और महिलाओं की समस्याओं को देखते हुए यह निर्णय लिया गया।
मुक्तिपथ अभियान के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में प्रभारी संगठक शारदा मेश्राम ने शराब के कारण विकास में आने वाली बाधाएं, बेरोजगारी, स्वास्थ्य समस्याएं और सामाजिक नुकसान पर विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद ग्रामसभा ने सर्वसम्मति से शराबबंदी का प्रस्ताव मंजूर किया।
निर्णय के अनुसार, गांव में शराब की बिक्री या अवैध भंडारण पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा, ताकि इस अभियान को प्रभावी बनाया जा सके।
ग्रामसभा ने यह भी तय किया कि शराबबंदी मुहिम में सक्रिय महिला समिति के कार्य में बाधा डालने या गाली-गलौज करने वालों के खिलाफ सीधे पुलिस में मामला दर्ज कराया जाएगा।
इस निर्णय को गांव के सभी जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने समर्थन दिया। सभा में उपसरपंच गणेश हलामी, पुलिस पाटिल शीतल आडे सहित बड़ी संख्या में महिला व पुरुष ग्रामीण उपस्थित थे।