सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई; गड़चिरोली में नक्सलियों के विस्फोटक और आधुनिक हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद

Naxal Weapons Seized: गड़चिरोली के कुमनार जंगल में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में नक्सलियों के छिपाए 14 हथियार, आईईडी और विस्फोटक बरामद हुए। सीमावर्ती क्षेत्रों में अभियान जारी।
Gadchiroli Naxal Weapons Seized Kumnar Forest
नक्सलियों से जब्त विस्फोटक हथियार(सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Gadchiroli Naxal Weapons Seized: गड़चिरोली जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा से सटे कुमनार जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा जमीन में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया गया।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि 28 जुलाई से 3 अगस्त तक मनाए जाने वाले तथाकथित 'नक्सल शहीद सप्ताह' के दौरान हिंसक गतिविधियों के लिए हथियार जमा किए गए हैं। इसके बाद जिला पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के निर्देश पर विशेष अभियान दल, बीडीडीएस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने जंगल में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया। 1 अगस्त को इलाके की घेराबंदी कर गहन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें नक्सलियों के छिपाए गए हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए।

अभियान में मिले कई विस्फोटक

तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक एसएलआर राइफल, एक .303 राइफल, सात बारह बोर राइफल, तीन सिंगल शॉट राइफल, दो बीजीएल लॉन्चर, तीन एसएलआर मैगजीन, एक आईईडी विस्फोटक और दो बैटरियां बरामद कीं। पुलिस के अनुसार, यह हथियार नक्सलियों ने भविष्य में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से जंगल में छिपाकर रखे थे।

समय रहते इन्हें जब्त कर सुरक्षा बलों ने संभावित खतरे को टाल दिया। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नक्सल गतिविधियां लगातार कमजोर हो रही हैं, लेकिन शहीद सप्ताह के दौरान सुरक्षा एजेंसियां विशेष सतर्कता बरतती हैं।

Gadchiroli Naxal Weapons Seized Kumnar Forest
नासिक के गड्ढों पर CM फडणवीस का एक्शन, मुंबई में होगी हाईलेवल बैठक, मेयर आडके ने शनिवार को बुलाई विशेष महासभा

अभी चलता रहेगा अभियान

इस कार्रवाई को जिला पुलिस, इंटेलिजेंस सेल, बीडीडीएस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। अभियान अपर पुलिस अधीक्षक कार्तिक मधिरा, गोकुल राज जी., अहेरी के अपर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन बी.जे. तथा पुलिस उपाधीक्षक सुनील उइके के मार्गदर्शन में चलाया गया।

पुलिस का कहना है कि महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे संवेदनशील क्षेत्रों में आगे भी सघन तलाशी और निगरानी अभियान जारी रहेगा, ताकि नक्सलियों की किसी भी साजिश को समय रहते विफल किया जा सके और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा कायम रहे।

Navbharat Live
navbharatlive.com