नासिक के गड्ढों पर CM फडणवीस का एक्शन, मुंबई में होगी हाईलेवल बैठक, मेयर आडके ने शनिवार को बुलाई विशेष महासभा

CM Fadnavis Meeting: नासिक की गड्ढों वाली सड़कों पर बढ़ते हादसों के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तत्काल बैठक बुलाई। महापौर ने विशेष महासभा शनिवार तक टाली, मरम्मत अभियान तेज।
CM Fadnavis Meeting Over Nashik Road Pothole
नासिक की खराब सड़कों पर कार्रवाई करेंगे CM(सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

CM Fadnavis Meeting Over Nashik Road Pothole Damage: नासिक शहर की सड़कों पर बने गड्ढों, जुलाई महीने की मूसलाधार बारिश से उत्पन्न गंभीर स्थिति और इन कारणों से हुई दुर्घटनाओं के बाद नागरिकों में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले का गंभीर संज्ञान लिया है।

इसी के तहत शुक्रवार 7 अगस्त दोपहर 12 बजे मुंबई के मंत्रालय में उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई है। बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री, जिले के प्रभारी मंत्री एवं अन्य मंत्री, नासिक के जनप्रतिनिधि, महानगरपालिका के पदाधिकारी तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे।

नासिक के सारी समस्यों पर होगी चर्चा

सूत्रों के अनुसार बैठक में नासिक शहर के गड्ढों की समस्या, सड़कों की गुणवत्ता को लेकर उठ रही शिकायतें, बारिश से हुए नुकसान, दुर्घटनाओं की श्रृंखला तथा सिंहस्थ कुंभ मेले की पृष्ठभूमि में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। इसी विषय पर चर्चा के लिए नासिक महानगरपालिका ने शुक्रवार को विशेष महासभा बुलाई थी। लेकिन मुख्यमंत्री की बैठक में महापौर, पदाधिकारी और वरिष्ठ अधिकारियों को मुंबई जाना होने के कारण अब यह महासभा स्थगित कर शनिवार को आयोजित की जाएगी।

जुलाई महीने में हुई रिकॉर्ड बारिश के कारण शहर की अनेक सड़कों में बड़े पैमाने पर गड्ढे हो गए। कई क्षेत्रों में जलभराव से यातायात बाधित हुआ, जबकि गड्ढों के कारण हुई दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान जाने की घटनाओं से प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठे हैं। सामाजिक संगठनों, नागरिकों और विपक्षी दलों ने भी लगातार सड़कों की खराब गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर आवाज उठाई है।

विशेष महासभा आयोजित करने का निर्णय

इसी पृष्ठभूमि में शिवसेना (शिंदे गुट) के गटनेता अजय बोरस्ते, प्रवीण तिदमे तथा शिवसेना (ठाकरे गुट) के गटनेता केशव पोरजे ने बारिश, गड्ढों और शहर की आधारभूत सुविधाओं पर विशेष महासभा बुलाने की मांग की थी। इसके बाद महापौर हिमगौरी आडके ने विशेष महासभा आयोजित करने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की बैठक में नासिक की सड़कों की तत्काल मरम्मत, दोषी ठेकेदारों पर कार्रवाई, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच तथा नागरिकों को सुरक्षित और गड्ढामुक्त सड़कें उपलब्ध कराने के लिए ठोस निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

4 दिनों में 2,568 गड्ढों की मरम्मत

बारिश के कारण शहर की कई सड़कों पर गड्ढे बनने के बावजूद नागरिकों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए नासिक महानगरपालिका ने सड़क मरम्मत अभियान तेज कर दिया है। प्रतिकूल मौसम के बावजूद सार्वजनिक निर्माण विभाग की टीमों ने जून महीने से अब तक शहर में 11,609 गड्ढे भर दिए हैं।

वहीं केवल 30 जुलाई से 2 अगस्त के बीच चार दिनों में 2,568 गड्ढों की मरम्मत की गई है। महापौर हिमगौरी आडके, उपमहापौर विलास शिंदे, स्थायी समिति के सभापति मच्छिंद्र सानप तथा आयुक्त मनीषा खत्री के मार्गदर्शन में शहर के सभी छह विभागों में मरम्मत कार्य तेज गति से चल रहा है।

CM Fadnavis Meeting Over Nashik Road Pothole
जर्जर हुए गोंदिया के 40 साल पुराने सरकारी छात्रावास, 570 विद्यार्थियों की सुरक्षा पर मंडराया रहा खतरा

मिलिंग मटेरियल का किया जा रहा उपयोग

मुख्य मार्गों, अधिक यातायात वाले रास्तों तथा नागरिकों से प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए विभागवार टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। बारिश के दौरान सड़क की स्थिति के अनुसार जीएसबी, मुरूम, कोल्ड मिक्स तथा हाल ही में उपलब्ध मिलिंग मटेरियल का उपयोग किया जा रहा है। विशेष रूप से मिलिंग मटेरियल के इस्तेमाल से बरसात के मौसम में गड्ढों की मरम्मत अधिक प्रभावी होने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com