गड़चिरोली में 722.95 करोड़ की लिफ्ट परियोजना को मंजूरी, 48 गांवों के किसानों की 9573 हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित

Lift Irrigation Scheme Approved In Gadchiroli: गड़चिरोली जिले की चार लिफ्ट सिंचाई योजनाओं को मंजूरी मिलने से 48 गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा। 722.95 करोड़ रुपये की है यह परियोजना।
gadchiroli lift irrigation projects 48 villages farmers benefit 9573 hectare
पत्र परिषद में डॉ. अशोक नेते व अन्य (फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Maharashtra Lift Irrigation Scheme for Farmers: जल संकट, सिंचाई सुविधाओं के अभाव और दुर्गम परिस्थितियों से वर्षों से जूझ रहे गड़चिरोली जिले के आदिवासी किसानों के जीवन में आर्थिक समृद्धि लाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए जिले की चार लिफ्ट सिंचाई योजनाओं को मंजूरी प्रदान की है। इस निर्णय से जिले के हजारों किसान परिवारों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। यह जानकारी पूर्व सांसद तथा भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अशोक नेते ने गड़चिरोली स्थित अपने जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में दी।

लगातार प्रयासों से मिली परियोजनाओं को स्वीकृति

डॉ. नेते ने बताया कि गड़चिरोली महाराष्ट्र का आदिवासी बहुल एवं दुर्गम जिला है, जहां सिंचाई सुविधाओं के अभाव में किसानों को लंबे समय से अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। किसानों को स्थायी राहत दिलाने, कृषि उत्पादन बढ़ाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से उन्होंने 18 मई 2026 को मुख्यमंत्री कार्यालय, जलसंपदा विभाग एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर इन परियोजनाओं की मंजूरी के लिए लगातार प्रयास किए थे। उनके निरंतर प्रयासों और राज्य सरकार की सकारात्मक भूमिका के परिणामस्वरूप इन चार महत्वपूर्ण योजनाओं को स्वीकृति मिली है।

पत्र परिषद में भाजपा पदाधिकारी रहे मौजूद

पत्र परिषद में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बाबूराव कोहले, किसान मोर्चा के प्रदेश सचिव रमेश भुरसे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं मानवाधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रणय खुणे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अरुण हरडे, समन्वयक प्रमोद पिपरे, नगर परिषद के निर्माण सभापति एवं शहर अध्यक्ष अनिल कुनघाडकर, जिला महामंत्री सदानंद कुथे, गोवर्धन चव्हाण, डॉ. भारत खटी, सुधाकर पेटकर सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

चार योजनाओं से 48 गांवों को मिलेगा लाभ

स्वीकृत योजनाओं में सिरोंचा तहसील की रंगायपल्ली लिफ्ट सिंचाई योजना, रमेशगुडम लिफ्ट सिंचाई योजना, मूलचेरा तहसील की शांतिग्राम लिफ्ट सिंचाई योजना तथा चामोर्शी तहसील की राजीव-चिंचोड़ लिफ्ट सिंचाई योजना शामिल हैं।

इन परियोजनाओं के माध्यम से रंगायपल्ली योजना से 14 गांव, रमेशगुडम योजना से 5 गांव, राजीव-चिंचोड़ योजना से 14 गांव तथा शांतिग्राम योजना से 15 गांव लाभान्वित होंगे। कुल मिलाकर 48 गांवों की लगभग 9,573 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचाई के दायरे में आएगी। लगभग 722.95 करोड़ रुपये की लागत वाली इन योजनाओं से हजारों किसान परिवारों की कृषि उत्पादकता बढ़ेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

किसानों की प्रगति के लिए प्रयास रहेंगे जारी

डॉ. नेते ने कहा कि मुख्यमंत्री तथा गड़चिरोली जिले के पालकमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जिले के किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इन योजनाओं को मंजूरी दी है। इसके लिए उन्होंने जिले के समस्त किसानों की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और उनका अभिनंदन किया।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी गड़चिरोली जिले के सर्वांगीण विकास, कृषि एवं सिंचाई क्षेत्र को सशक्त बनाने तथा किसानों की प्रगति के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

इस अवसर पर उपस्थित नेताओं ने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और किसानों की आर्थिक उन्नति को गति देने वाला यह निर्णय गड़चिरोली जिले के कृषि विकास के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com