गड़चिरोली में चामोर्शी के बाद एटापल्ली में दहशत, दो टस्कर हाथियों ने मचाया उत्पात

Gadchiroli News: गड़चिरोली जिले के चामोर्शी तहसील में उत्पात मचाने वाले टस्कर हाथियों ने अब एटापल्ली तहसील पहुंच गए हैं। एटापल्ली के मंजीगढ़, आलेंगा, गोटेगोला गांव के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है।
Gadchiroli Etapalli Tehsil Two tusker elephants created havoc
हाथी व घर की टूटी दीवार (फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Gadchiroli Elephant News: पिछले कुछ दिनों से गड़चिरोली जिले में तथा चामोर्शी तहसील में उत्पात मचाने वाले टस्कर हाथियों ने अब अपना मोर्चा एटापल्ली तहसील की ओर मोड़ा है। जारावंडी से महज 12 किमी दूरी पर स्थित छत्तीसगढ़ सीमा से सटकर होने वाले मंजीगढ़ टोला में शनिवार 9 अगस्त को शाम 5 बजे के दौरान टस्कर हाथी ने गांव में घुसकर घर की तोड़फोड़ की। करीब 8-10 घंटे के बाद हाथी गांव से वापिस लौटा। लेकिन तब तक मंजीगढ़, आलेंगा, गोटेगोला गांव के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया था। जो-तो जान बचाने के चलते सुरक्षित स्थान पर आश्रय लेता नजर आ रहा था।

एक माह पूर्व 2 टस्कर हाथी ने पोर्ला वन परिक्षेत्र में उत्पात मचाने के बाद धानोरा तहसील के मुरुमगांव परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद 1 टस्कर हाथी धानोरा शहर से पोटेगांव के जंगलों से होते हुए चामोर्शी तहसील के कुनघाडा परिसर में दाखिल हुआ था।

इस हाथी ने 29 जुलाई को मुरमुरी गांव के जंगल से येडानूर, रावणपल्ली, पावीमुरांडा जंगल में प्रवेश किया। उसी रात हाथी ने लसनपेठ, अनंतपुर गांव में प्रवेश कर नागरिकों में दहशत फैलायी। लसनपेठ टोला के एक व्यक्ति के घर में प्रवेश कर बोरे में रखे महुआ फूल व को तहस नहस किया।

इस दौरान गांव में हाथी आने के चलते ग्रामीणों ने छतों का सहारा लिया था। देररात्रि के दौरान हुई यह वारदात नागरिकों को भय से थरानेवाला मंजर था। इसके बाद उक्त हाथी ने चामोर्शी वन परिक्षेत्र में प्रवेश कर 5 दिन तक निवास किया था।

छत्तीसगढ़ की दिशा में गए हाथी

हाथी ने 6 अगस्त को देर रात 2 बजे येडानूर गांव में प्रवेश कर एक व्यक्ति के घर का नुकसान किया। इसके बाद मुरमुरी, मालेर मार्गे जंगल परिसर में फसलों को तबाह किया। इसके बाद उक्त हाथी ने एटापल्ली की ओर अपना मोर्चा मोडा है। हाथी ने जारावंडी से महज 12 किमी दूरी पर छत्तीसगढ़ सीमा से सटे मंजीगढ़ टोला में 9 अगस्त को शाम 5 बजे के दौरान प्रवेश किया।

करीब 8-10 घंटे मंजीगढ़, आलेंगा व गोटेटोला गांव में हाथी ने उत्पात मचाकर 4-5 नागरिकों के घर व साहित्यों का नुकसान किया। इसकी जानकारी मिलते ही वनविभाग का दल गांव में पहुंचा। उन्होंने हाथी को भगाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। फिलहाल हाथी छत्तीसगढ़ की दिशा में जाने की जानकारी वनविभाग ने दी है।

इन नागरिकों का हुआ नुकसान

गड़चिरोली के मंजीगढ़ गांव में दाखिल होने वाले टस्कर हाथी ने रिझनसाय खलको के घर पर हमला किया। हाथी ने घर की छत फोड़ी, दीवारों को तोड़फोड़ की। घर में रखी सामग्री का नुकसान किया। इस हमले में परिवार का व्यापक नुकसान हुआ है।

Gadchiroli Etapalli Tehsil Two tusker elephants created havoc
हाथियों ने घरों को पहुंचाया नुकसान (फोटो नवभारत)

बारिश में घर की छत और दीवारे क्षतिग्रस्त होने से परिवार बेघर हुआ है। वहीं आलेंगा गांव में नांगसू पोटावी के घर को भी हाथी ने नुकसान पहुंचाया। वहीं गोटेटोला गांव के दलसू पदा के घर की दीवार भी हाथी ने गिराई। जिससे उनके घर का भी व्यापक नुकसान हुआ है।

परिसर में जनजागृति शुरू

कसुरवाही के प्रभारी वनपाल केजे उमरे ने बताया कि इस टस्कर हाथी के संदर्भ में परिसर में जनजागृति शुरू है। उपाययोजना के लिए नागरिकों की गांव में बैठके ली जा रही हैं। नुकसान मुआवजे के लिए वरिष्ठों को सूचित किया गया है। फिलहाल यह हाथी छत्तीसगढ़ राज्य में गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com