Gadchiroli Rural Development News: मुख्यमंत्री रोजगार निर्मिति कार्यक्रम की वर्ष 202526 में जिला उद्योग केंद्र ने प्रभावी रूप से अमल कर निर्धारित लक्ष्य में से अधिक कार्य दर्ज कर जिले ने 107 फीसदी लक्ष्य पूर्ण किया है। उक्त योजना अंतर्गत जिले को 600 उद्योग प्रकरण का लक्ष्य दिया गया था। जिनमें से 647 उद्योग प्रकरणों को मंजूरी देकर कुल 1358 बेरोजगारों को रोजगार का अवसर उपलब्ध करा दिया गया है।
यह कार्य जिले के औद्योगिक विकास की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण चरण माना जाता है। लगातार दूसरे वर्ष 100 फीसदी से अधिक लक्ष्यपूर्ति करते हुए जिले ने राज्य में आठवां स्थान प्राप्त किया है। इस सफलता में जिलाधीश और जिप के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का मार्गदर्शन समेत जिला ग्रामीण विकास यंत्रणा DRDA, उमेद अभियान अंतर्गत कार्यरत अधिकारी व कर्मचारी, अग्रणी बैंक प्रबंधन और विभिन्न बैंकों का सहयोग मिला है।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा सर्वाधिक 321 प्रकरण मंजूर किए गए। वहीं जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक GDCC द्वारा 117, बैंक ऑफ इंडिया 61, बैंक ऑफ महाराष्ट्र 56, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक 41, और आईडीबीआई बैंक द्वारा 25 प्रकरणों को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा खादी व ग्रामोद्योग विभाग, एमसीईडी MCED व मिटकॉन MITCON संस्था के अधिकारी व कर्मचारी ने प्रशिक्षण, मार्गदर्शन व समन्वय से महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है।