

Gadchiroli Snake Bite Ashram School: महाराष्ट्र के गढ़चिरोली और सिंधुदुर्ग जिलों में जहरीले सांपों के काटने से चार लोगों की दर्दनाक मौत की खबरें सामने आई हैं। पहली दिल दहला देने वाली घटना गढ़चिरोली जिले के धानोरा तालुका स्थित एक सरकारी सहायता प्राप्त आवासीय आश्रम स्कूल से आई है, जहां दोपहर के भोजन के बाद फर्श पर सो रही तीन मासूम छात्राओं की सांप के काटने से मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से जख्मी हुई हैं।
वहीं दूसरी ओर, पर्यटन स्थल अंबोली के मुख्य जलप्रपात (Amboli Waterfall) पर नहाने आए कर्नाटक के एक पर्यटक की भी जहरीले सांप के काटने से जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, गढ़चिरोली के जापटलाई आवासीय आश्रम स्कूल में भोजन करने के बाद छात्र फर्श पर सो रहे थे। इसी दौरान वहां छिपे एक विषैले सांप ने एक के बाद एक छह छात्राओं को डस लिया।
चीख-पुकार मचने के बाद स्कूल प्रशासन ने सभी बच्चियों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान कक्षा 6 की दीपिका लकड़ा, कक्षा 8 की सुष्मिता मंडल और कक्षा 2 की अनु कोरेती की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य छात्राएं, दीपिका मदवी, कविता किरंगा और समृद्धि नैतम, गढ़चिरोली जिला अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही हैं, जिनमें से समृद्धि की हालत नाजुक बताई जा रही है।
दूसरी दुखद घटना सिंधुदुर्ग जिले के मशहूर पर्यटन स्थल अंबोली घाट से सामने आई है। कर्नाटक के विजयनगर निवासी गंगाधर मारियाप्पा कोरवार अपने छह दोस्तों के साथ मानसून पर्यटन का लुत्फ उठाने अंबोली आए थे।
शाम लगभग 4 बजे जब गंगाधर मुख्य झरने के पानी में नहा रहे थे, तभी चट्टानों के बीच छिपे एक विषैले सांप ने उनके पैर में काट लिया। दोस्त उन्हें तुरंत सावंतवाड़ी उप-जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। सावंतवाड़ी पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मृत्यु (Accidental Death) का मामला दर्ज किया गया है।
एक ही दिन में घटी इन दो घटनाओं के बाद राज्य के ग्रामीण इलाकों और पर्यटक स्थलों पर सर्पदंश सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने मांग की है कि आश्रम स्कूलों में बच्चों के जमीन पर सोने की व्यवस्था को खत्म कर उन्हें बेड दिए जाएं और परिसर में कीटनाशकों व एंटी-वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।