गड़चिरोली: पूर्व सांसद अशोक नेते के प्रयास रंग लाए; आलापल्ली-सिरोंचा नेशनल हाईवे के काम में आएगी तेजी

Gadchiroli News: गड़चिरोली में आलापल्ली-सिरोंचा महामार्ग के अधूरे कार्य को गति देने के लिए केंद्र ने दिए निर्देश। पूर्व सांसद अशोक नेते के प्रयासों से अब दुर्गम क्षेत्रों का सफर होगा आसान।
garhchiroli-194
Published on
Updated on

Gadchiroli National Highway News: गड़चिरोली जिले के यातायात के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सिरोंचा से आलापल्ली तक के राष्ट्रीय महामार्ग 353सी के निर्माण कार्य को अब गति मिलने की संभावना है। लंबे समय से धीमी रफ्तार से चल रहे इस प्रकल्प को तेज करने के लिए पूर्व सांसद अशोक नेते ने केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया।

उनके प्रयासों के बाद केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं महामार्ग मंत्रालय ने राष्ट्रीय महामार्ग प्राधिकरण के मुख्य अभियंता को पत्र जारी कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

वर्षों से जर्जर सड़कों और अधूरे निर्माण के कारण स्थानीय नागरिकों, विशेषकर आदिवासी समुदाय को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसका असर स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और रोजगार के अवसरों पर भी पड़ रहा था।

1 अप्रैल को दिए गए ज्ञापन के बाद मंत्रालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 अप्रैल को संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए। तकनीकी सलाहकार बालासाहब ठेंग द्वारा मुख्य अभियंता और अधीक्षक अभियंता को भेजे गए पत्र में कार्य की बाधाएं दूर कर इसे शीघ्र पूरा करने को कहा गया है।

मार्ग का निर्माण पूरा होने पर सिरोंचा से आलापल्ली तक की यात्रा तेज और सुरक्षित होगी। साथ ही स्थानीय उत्पादों के परिवहन, स्वास्थ्य सुविधाओं और आपात सेवाओं में सुधार आएगा, जिससे दुर्गम क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

पूर्व सांसद अशोक नेते के प्रयासों और प्रशासन की सकारात्मक पहल से जिले के नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com