सिरोंचा में कमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत: होटलों में चूल्हे पर पक रहा खाना, ठप हो रहा होटल व्यवसाय

सिरोंचा में कमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत के कारण होटल व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। होटल संचालकों ने प्रशासन से मदद की मांग की है।
garhchiroli-8
Published on
Updated on

Gadchiroli Hotels News: सिरोंचा तहसील में इन दिनों एचपी कमर्शियल गैस सिलेंडर की भारी किल्लत के चलते होटल व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध न होने से होटल संचालकों के सामने रोजमर्रा का कामकाज चलाना मुश्किल हो गया है।

इसी समस्या के चलते सिरोंचा के प्रसिद्ध होटल प्राणीहीत में गैस के अभाव में पारंपरिक चूल्हे का सहारा लिया जा रहा है। यहां लकड़ी जलाकर चूल्हे पर ही सभी खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे हैं। होटल संचालकों के अनुसार, कमर्शियल गैस सिलेंडर न मिलने से कामकाज की गति धीमी हो गई है।

चूल्हे पर खाना बनाने में अधिक समय और मेहनत लगती है, वहीं धुआं और गर्मी से काम करना भी कठिन हो रहा है। इसके अलावा लकड़ी की व्यवस्था करना भी एक अतिरिक्त बोझ बन गया है। हालांकि, चूल्हे पर बने भोजन का पारंपरिक स्वाद ग्राहकों को पसंद आ रहा है, लेकिन यह व्यवस्था लंबे समय तक जारी रखना संभव नहीं है।

तहसील के अन्य होटल व्यवसायी भी इसी समस्या से जूझ रहे हैं, जिससे कुछ स्थानों पर होटल का काम सीमित कर दिया गया है। स्थानीय होटल संचालकों और नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुचारू की जाएं, ताकि होटल व्यवसाय फिर से सामान्य रूप से शुरू हो सके।

 अन्य तहसीलों में भी यही स्थिति

सिरोंचा तहसील समेत जिले के अन्य तहसीलों में होटलों की यही स्थिति होने की जानकारी मिली है। कमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत होने के कारण होटल व्यवसायियों पर संकट टूट पड़ा है। इसका खामियाजा उनके व्यवसाय पर होकर होटलों में काम करने वाले कामगारों की रोजीरोटी का प्रश्न निर्माण हो गया है। जिससे प्रशासन इस ओर गंभीरता से ध्यान देकर तत्काल उपाययोजना करें, ऐसी मांग जिले के होटल व्यवसायियों द्वारा की जा रही हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com