

Gadchiroli Collector And ZP CEO Surprise Inspection: गड़चिरोली जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों को 24 घंटे गुणवत्तापूर्ण तथा तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं या नहीं, इसका प्रत्यक्ष जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा तथा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुहास गाडे ने बुधवार मध्यरात्रि गड़चिरोली समीपस्थ चातगांव के स्वास्थ्य उपकेंद्र का बिना किसी पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण किया।
गड़चिरोली जिले के सरकारी अस्पतालों में रात्रि के समय किसी मरीज या आपातकालीन स्थिति में स्वास्थ्य कर्मचारी कितनी तत्परता से प्रतिक्रिया देते हैं, उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाएं किस प्रकार कार्यरत हैं तथा नागरिकों को समय पर आवश्यक उपचार मिल रहा है या नहीं, यह जांचने के उद्देश्य से यह औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य उपकेंद्र के कर्मचारियों ने तुरंत आवश्यक कार्रवाई की। उपचार के लिए आए एक दंपति से बातचीत कर जिलाधिकारी तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की भी जानकारी ली।
मानसून के दौरान संक्रमित तथा मौसमी बीमारियों की संभावित वृद्धि को ध्यान में रखते हुए उपकेंद्र में उपलब्ध दवाइयों के भंडार की विस्तृत जांच की गई। वहीं बुखार, सर्दी, मलेरिया आदि रोगों के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। साथ ही मलेरिया की जांच के लिए आवश्यक आरडीके (RDK) किट की उपलब्धता, भंडारण तथा उपयोग की तैयारियों का भी निरीक्षण किया गया।