मुंबई के विसर्जन स्थलों पर कड़ी रही पुलिस सुरक्षा, सातवें दिन 24,757 मूर्तियों का विसर्जन

मुंबई में गणेश उत्सव के सातवें दिन शुक्रवार को गौरी और गणपति मूर्तियों का विसर्जन किया गया। भक्तों ने गौरी व गणेश की प्रतिमा शहर के विभिन्न समुद्र तटों, कृत्रिम तालाबों में विसर्जित किए। समुद्री किनारों और कृत्रिम तालाबों पर कड़ी सुरक्षा के बीच गणपति बप्पा और गौरी प्रतिमा की पूजा-पाठ के बाद विदा किया गया।
Ganpati Visarjan in Mumbai
गणेश विसर्जन (नवभारत फोटो)
Published on: 
Updated on: 

मुंबई. मुंबई में गणेश उत्सव के सातवें दिन शुक्रवार को गौरी और गणपति मूर्तियों का विसर्जन किया गया। भक्तों ने गौरी व गणेश की प्रतिमा शहर के विभिन्न समुद्र तटों, कृत्रिम तालाबों में विसर्जित किए। समुद्री किनारों और कृत्रिम तालाबों पर कड़ी सुरक्षा के बीच गणपति बप्पा और गौरी प्रतिमा की पूजा-पाठ के बाद विदा किया गया। जुहू, शिवाजी पार्क चौपाटी और गिरगांव में विसर्जन स्थलों और समुद्र तटों पर सुरक्षा के लिए पुलिस के जवान तैनात किए गए थे।

बीएमसी ने बताया कि रात 9 बजे तक शहर के विभिन्न स्थानों पर कुल 24,757 मूर्तियों का विसर्जन किया गया। विसर्जित की गई 24,757 गणेश मूर्तियों में 21,006 घरेलू, 62 सार्वजनिक और 3,689 गौरी की मूर्तियां शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से 11,122 मूर्तियों को कृत्रिम तालाबों में विसर्जित किया गया।

बता दें कि बीएमसी ने इस साल विसर्जन के लिए 69 प्राकृतिक जल निकायों पर इंतजाम किए है। साथ ही 204 कृत्रिम तालाब भी बनाए गए है। यह तालाब विशेष रूप से जल प्रदूषण को कम करने के लिए तैयार किए गए है।

विसर्जन के दौरान तैनात रहे 14 हजार कर्मचारी

बीएमसी की तरफ से विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। विसर्जन स्थलों पर 14,000 बीएमसी कर्मियों को तैनात किया गया था। बृहन्मुंबई सार्वजनिक गणेशोत्सव समन्वय समिति के अध्यक्ष नरेश दहीबावकर ने कहा कि घरेलू मूर्तियों में से अधिकांश पर्यावरण के अनुकूल प्रतीत होती हैं। कृत्रिम तालाबों को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। गणेशोत्सव को पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में रुझान बढ़ रहा है।

इससे पहले मुंबई में डेढ़ दिन के गणपति की 38,094 मूर्तियों को समुद्र अन्य जलाशयों और कृत्रिम तालाबों में विसर्जित किया गया। इनमें 195 सार्वजनिक और 37,879 घरेलू और हरतालिका की 20 प्रतिमाएं शामिल हैं।

बीएमसी के एक अधिकारी ने कहा कि 38,094 मूर्तियों में से 18,537 घरेलू मूर्तियां, 143 सार्वजनिक गणेश मूर्तियों और हरतालिका की 16 प्रतिमा सहित 18,696 मूर्तियों को कृत्रिम तालाबों में विसर्जित किया गया। मुंबई में गणपति विसर्जन की पूरी तैयारी बीएमसी ने की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com