

Gadchiroli Tadgaon School: क्राक्रोज जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके यह गुरूवार से गड़चिरोली जिले के दौरे पर है। इस दौरान अपने दौरे के दूसरे दिन उन्होंने आदिवासी बहुल तथा दुर्गम भामरागड़ तहसील का दौरा किया।
इस दौरान उन्होने भामरागड़ तहसील के दुर्गम ताड़गांव स्थित जिला परिषद स्कूल को भेंट दी। वहीं तहसील मुख्यालय स्थित आश्रमस्कूल को भी भेंट दी। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को जाना। वहीं शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।
भामरागड़ तहसील के ताड़गांव के जिला परिषद स्कूल के निरीक्षण के दौरान पेयजल की व्यवस्था नहीं होने, कक्षाओं में बिजली और पंखों की सुविधा उपलब्ध नहीं होने तथा जर्जर इमारत में विद्यार्थियों को बैठाकर पढ़ाए जाने की समस्याएं सामने आईं। विद्यार्थियों की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए दीपके ने सवाल उठाया कि क्या किसी दुर्घटना के बाद ही प्रशासन जागेगा?
उन्होंने इन समस्याओं के समाधान के लिए फोन पर गुटशिक्षणाधिकारी से बातचीत की और जल्द से जल्द उचित कदम उठाने का आग्रह किया। दीपके ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि यदि प्रशासन समस्याओं पर ध्यान नहीं देता है, तो ग्रामीणों और अभिभावकों को एकजुट होकर आंदोलन करना चाहिए। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नई स्कूल इमारत का निर्माण किए जाने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।