गड़चिरोली में 4 लोगों की जान लेने वाली आदमखोर बाघिन पकड़ाई, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

Gadchiroli Tiger Captured: गड़चिरोली के जारावंडी क्षेत्र में चार नागरिकों की जान लेने वाली जी-25 बाघिन को वन विभाग ने शुक्रवार तड़के डार्ट मारकर सुरक्षित पकड़ लिया।
gadchiroli four deaths tigress g25 captured
गड़चिरोली बाघिन पकड़ी गई (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • गड़चिरोली के जारावंडी क्षेत्र में चार नागरिकों की जान लेने वाली जी-25 बाघिन पकड़ी गई।

  • शुक्रवार 13 नवंबर को तड़के 3.02 बजे ताडोबा की रैपिड रेस्क्यू टीम ने डार्ट मारकर किया बेहोश।

  • 16 अगस्त से 2 नवंबर के बीच बाघिन के हमलों में चार ग्रामीणों की हुई थी मौत।

Gadchiroli Forest Department: 4 नागरिकों की जान लेकर जारावंड़ी क्षेत्र में दहशत फैलानेवाली 3 वर्षीय 'जी-25 एसएएफ' बाधिन आखिरकार वन विभाग के शिकंजे में आ गई है। शुक्रवार, 13 नवंबर को तड़के 3 बजकर 2 मिनट पर ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व की रैपिड रेस्क्यू टीम ने डार्ट मारकर बाघिन को बेहोश किया और सुरक्षित रूप से पकड़ लिया।

इस कार्रवाई से जारावंडी, कसनसूर और आसपास के गांवों के नागरिकों ने लंबे समय बाद राहत की सांस ली है। एटापल्ली तहसील के भामरागड़ वनविभाग अंतर्गत कसनसूर वनपरिक्षेत्र में जी-25 बाघिन के लगातार हमलों से नागरिकों में भारी दहशत व्याप्त थी।

लगातार हुई 3 घटनाएं

16 अगस्त को दोलंदा निवासी हरी वड्डे की मौत के साथ इन घटनाओं की शुरुआत हुई थी। इसके बाद 19 अक्टूबर को इरपनपायली निवासी 70 वर्षीय बिलाशी आनंद बा की बाघिन के हमले में मौत हो गई। 27 अक्टूबर को तुलमेल निवासी शांताराम मडावी भी बाघिन का शिकार बने।

वहीं 2 नवंबर को दिंडवी निवासी सदाशिव दुग्गा खेत में बैलों को चराते समय बाघिन के हमले में मौके पर ही मारे गए। लगातार हुई इन घटनाओं के कारण ग्रामीणों के लिए खेतों में जाना, धान की कटाई करना और मवेशियों को चराना भी जोखिम भरा हो गया था। क्षेत्र में भय का माहौल इतना गंभीर था कि ग्रामीणों ने खेती-किसानी के काम भी सीमित कर दिए थे।

अंधेरे में सफल हुआ अभियान

शुक्रवार तड़के जारावंडी राउंड के वडसाकला बीट स्थित कक्ष क्रमांक 1 में बाघिन को बेहोश करने की कार्रवाई की गई। पशु चिकित्सा अधिकारी एवं रेस्क्यू टीम प्रमुख डॉ. रविकांत खोब्रागडे के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। शूटर अजय सी. मराठे ने तड़के 3.02 बजे सटीक निशाना लगाकर डार्ट दागा, जिससे बाघिन सफलतापूर्वक बेहोश हुई और उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया।

मुख्य वनसंरक्षक गजेंद्र नरवणे, भामरागड़ वन विभाग के उपवनसंरक्षक शैलेश मीना तथा उपवनसंरक्षक (अतिरिक्त प्रभार) दीपाली तलमले के मार्गदर्शन में यह अभियान पूरा किया गया। सहायक वनसंरक्षक दीपक रामटेके, ए.के. मडावी, वनपरिक्षेत्र अधिकारी नगराले तथा ताडोबा रैपिड रेस्क्यू टीम के अधिकारी और कर्मचारी अभियान में शामिल थे।

gadchiroli four deaths tigress g25 captured
नासिक में दिवाली पर आग की 28 घटनाएं, दमकल विभाग की रातभर दौड़भाग; आंकड़ा 40 पार होने की आशंका

क्षेत्र में अन्य बाघों की मौजूदगी का संदेह

4 नागरिकों की जान लेने वाली जी-25 बाधिन को पकड़ लिया गया है, लेकिन ग्रामीणों के मन में भय अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। क्षेत्र में एक से अधिक बाघों की मौजूदगी की चर्चा के कारण नागरिकों की चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग केवल एक बाघिन को पकड़कर अपनी कार्रवाई समाप्त न करे।

gadchiroli four deaths tigress g25 captured
नागपुर-अमरावती हाईवे के होटल में भीषण आग, कमरे में दम घुटने से मंडल अधिकारी की मौत

ग्रामीणों के दबाव के बाद कार्रवाई

पहली घटना के बाद जारावंडी में नागरिकों ने रास्ता रोको आंदोलन कर बाघ का तत्काल बंदोबस्त करने की मांग की थी। हालांकि, ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने नाराजगी जताई थी।

दिडवी की घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पंचनामा प्रक्रिया रोकते हुए बाघ का बंदोबस्त करने का लिखित आश्वासन मिलने तक आगे की कार्रवाई नहीं होने देने की भूमिका अपनाई। इसके बाद कसनसूर वनपरिक्षेत्र अधिकारी ने 15 दिनों के भीतर बाघ का बंदोबस्त करने का लिखित आश्वासन दिया था। भामरागड़ के उपविभागीय वन अधिकारी ने भी वरिष्ठ स्तर पर लगातार प्रयास किए।