

Gadchiroli Wildlife: गड़चिरोली जिले के धानोरा तहसील के पन्नेमारा गांव में रविवार 27 सितंबर को खेत की ओर जा रही एक महिला पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। घटना के समय आसपास कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था।
ऐसे में महिला ने घबराने के बजाय अदम्य साहस का परिचय देते हुए हाथ में मौजूद कुल्हाड़ी दिखाकर भालू का सामना किया और उसे वहां से भगाने में सफल रही। इस झड़प में महिला के हाथ में गंभीर चोट आई है।
घायल महिला का नाम पन्नेमारा निवासी कमलाबाई शिवलाल कोरेटी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कमलाबाई कोरेटी रविवार को सुबह करीब 11 बजे अपने खेत की ओर जा रही थीं। इसी दौरान अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए कमलाबाई ने हिम्मत नहीं हारी और हाथ में मौजूद कुल्हाड़ी दिखाकर भालू को डराया।
महिला के साहस के चलते भालू वहां से भाग गया। हालांकि, भालू के साथ हुई इस झड़प में कमलाबाई के हाथ में गंभीर चोट लग गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्हें तत्काल मुरूमगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. अभिलाषा आकीनवार और साक्षी कोकोडे ने उनका प्राथमिक उपचार किया। कमलाबाई की चोट की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आगे के उपचार के लिए धानोरा ग्रामीण अस्पताल रेफर किया।
घटना के दौरान तुकाराम कोल्हे, ग्रापं मुरूमगांव के पूर्व सरपंच शिवप्रसाद गवरनाम, पन्नेमारा के पुलिस पटेल प्रभाकर हलामी तथा मुनीर शेख सहित अन्य लोग स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित थे। घटना के बाद पन्नेमारा और आसपास के क्षेत्र के ग्रामीणों में भालू की मौजूदगी को लेकर चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।