

Gadchiroli Illegal Liquor Sale: गड़चिरोली जिले के आरमोरी तहसील के पिसेवडधा ग्राम पंचायत अंतर्गत पिसेवडधा, परसवाड़ी, खैरटोला, सलंगटोला तथा येंगाड़ा इन पांच गांवों में अवैध शराब बिक्री बंद करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया है। इसी निर्णय के तहत गांव संगठन तथा मुक्तिपथ शक्तिपथ महिला संगठन की ओर से पिसेवडधा गांव में रैली निकालकर अवैध शराब कारोबार बंद करने का आह्वान किया गया।
पिसेवडधा ग्राम पंचायत सभागृह में आयोजित विशेष ग्रामसभा में 5 गांवों की सीमा में अवैध शराब बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्णय लिया गया था। ग्रामसभा द्वारा तय नियमों के अनुसार शराब बेचते हुए पकड़े जाने पर प्रत्येक बार 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, शराब बिक्री की जानकारी देकर विक्रेता को पकड़वाने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखते हुए उसे 3 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। शराब पीकर गांव में झगड़ा, गाली-गलौज अथवा शांति भंग करने वाले व्यक्ति पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसी निर्णय को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए रैली का आयोजन किया गया।
ग्राम पंचायत कार्यालय से उत्साह के साथ शुरू हुई रैली गांव की गलियों तथा मोहल्लों से होकर गुजरी। हाथों में फलक लिए महिलाएं तथा ग्रामीणों ने जोरदार नारे लगाएं। रैली के माध्यम से अवैध शराब विक्रेताओं को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि अब गांव में शराब बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शराब बेचते हुए पकड़े जाने पर ग्रामसभा के निर्णय के अनुसार कड़ी जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
गांव की गलियों से गुजरने के बाद रैली ग्राम पंचायत सभागृह पहुंची, जहां बैठक के साथ इसक समापन हुआ। बैठक में मुक्तिपथ के तहसील संयोजक विनोद कोहपरे, बुद्धाताई पोट तथा शुभम कलोडे ने ग्रामीणों का मार्गदर्शन करते हुए नशामुक्ति पर रोशनी डाली उन्होंने गांव को पूर्णतः नशामुक्त बनाने के लिए ग्रामीणों से एकजुट होकर प्रयास करने का आह्वान किया।