मुंबई: नागपुर (Nagpur ) से मुंबई (Mumbai) के बीच बन रहे समृद्धि एक्सप्रेस-वे (Samridhi Expressway) का लोकार्पण जल्द ही पीएम मोदी के हाथों होने वाला है। राज्य सरकार ने समृद्धि एक्सप्रेस-वे को खोलने की तैयारी शुरू की है। बताया गया है कि 15 अगस्त से शिर्डी और नागपुर के बीच एक्सप्रेस-वे को खोल दिया जाएगा। समृद्धि के पहले और दूसरे चरण का काम अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य है। शिर्डी से नागपुर के बीच हाइवे का काम लगभग हो गया है।
उल्लेखनीय है कि नागपुर से शेलुगांव तक 210 किमी के पहले पैच को 2 मई से खोलने की तैयारी की गई थी, लेकिन वाइल्डलाइफ ओवरपास के काम में तकनीकी गड़बड़ी के अलावा चारदिवारी का काम पूरा न होने के चलते लोकार्पण टाल दिया गया था। अब नई सरकार सीधे करीब 520 किमी के हाइवे को शुरू करने वाली है। एमएसआरडीसी के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार अगस्त से एक्सप्रेस-वे शुरू करने की तैयारी तो है, परंतु तारीख अभी निश्चित नहीं हुई है।
समृद्धि देश का पहला सबसे बड़ा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे है, जिसके दोनों तरफ सुरक्षा दीवार होगी। इसके अलावा हाईवे पर बिजली उत्पादन भी होगा। एक्सप्रेस-वे के इंटरचेंज के करीब 35 से 40 हेक्टेयर जमीन पर सोलर पावर प्रोजेक्ट लगाए जाएंगे। वाइल्ड लाइफ संरक्षण के साथ हाइवे के दोनों किनारों पर लगभग 12 लाख पेड़ लगाने की योजना है। हर 40 से 50 किमी पर इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग की व्यवस्था की गई है।
समृद्धि एक्सप्रेस-वे दिसंबर 2023 तक मुंबई तक खोल दिया जाएगा। तीसरे चरण में शिर्डी से इगतपुरी और ठाणे तक का कार्य भी चल रहा है। साल के अंत तक 623 किमी हाइवे को खोल दिया जाएगा। राज्य की उप राजधानी नागपुर से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को जोड़ने वाले समृद्धि एक्सप्रेस-वे का 701 किमी का काम 18 पैकेज में किया जा रहा है। इस बहुद्देश्यीय एक्सप्रेस-वे को स्व. बालासाहेब ठाकरे का नाम दिया गया है।