Dhule Police Action: बकरी ईद को लेकर धुले में पुलिस का बड़ा एक्शन, आधी रात कॉम्बिंग ऑपरेशन से मचा हड़कंप

Dhule News: धुले पुलिस ने बकरी ईद को लेकर देर रात कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर 24 जगहों पर नाकाबंदी की। 15 गोवंश मुक्त कराए गए, अवैध शराब अड्डों पर छापे और फरार आरोपी गिरफ्तार किए गए।
Dhule Police's combing operation
पुलिस गाड़ियों की जांच करते हुए (सोर्स: एआई)
Published on: 
Updated on: 

Dhule Police Combing Operation: बकरी ईद को मद्देनजर रखते हुए जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धुले पुलिस ने देर रात बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर अपराधियों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया। पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद के निर्देश पर रात 10 बजे से मध्यरात्रि तक चले इस विशेष अभियान में गोवंश तस्करी, अवैध शराब, जुआ और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। जिले के सभी उपविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी, स्थानीय अपराध शाखा, साइबर पुलिस और यातायात शाखा की संयुक्त टीमों ने 24 प्रमुख स्थानों पर नाकाबंदी कर 937 दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की। इस अभियान में 25 पुलिस अधिकारी, 80 पुलिसकर्मी और 34 होमगार्ड तैनात किए गए थे। पुलिस की अचानक कार्रवाई से रातभर कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

फरार आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त मे

अभियान के दौरान धुले पुलिस ने पांच स्थानों पर अवैध देसी शराब के अड्डों पर छापेमारी कर 175 लीटर शराब, रसायन, ड्रम और अन्य सामग्री जब्त की। जब्त शराब और रसायनों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं तीन अलग-अलग स्थानों पर जुआ खेल रहे आरोपियों को नकदी और जुए के सामान के साथ पकड़ा गया। स्थानीय अपराध शाखा के थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीराम पवार के नेतृत्व में चालीसगांव रोड क्षेत्र में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में हेमंत शंकर पाटील और पापा फिरोज शाह शामिल हैं। इनमें एक आरोपी डकैती के मामले में वांछित था।

गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई

पुलिस ने इस दौरान धुले जिले के 73 बार, ढाबों और लॉज, तीन ओयो होटल, 21 खुले मैदान और आठ नदी किनारों की भी जांच की। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ मौके पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा 25 हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के घरों की भी तलाशी ली गई।गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत तीन मामलों में लगभग 4.09 लाख रुपये मूल्य के 15 गोवंश मुक्त कराए और संबंधित आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए।

Navbharat Live
navbharatlive.com